मंडी में गेहूं-मक्का के सिर्फ 2100-2300 रुपए प्रति क्विंटल के मिल रहे भाव...किसानों ने लगाए गंभीर आरोप, जमकर किया हंगामा
Monday, Apr 13, 2026-06:10 PM (IST)
खंडवा (मुश्ताक मंसूरी) : खंडवा की कृषि उपज मंडी में उस वक्त हंगामा खड़ा हो गया जब बड़ी संख्या में पहुंचे किसानों ने गेहूं और मक्का के कम दाम मिलने पर विरोध शुरू कर दिया। किसानों का आरोप है कि उन्हें मंडी में सिर्फ 2100 से 2300 रुपए प्रति क्विंटल के भाव मिल रहे हैं, जो न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) से कम हैं। इसी बात को लेकर किसानों ने मंडी परिसर में नारेबाजी करते हुए जमकर प्रदर्शन किया।

किसानों ने मांग रखी कि उनकी उपज की तुलाई मंडी परिसर में ही की जाए और उन्हें व्यापारियों के निजी कांटों पर न जाना पड़े। किसानों का कहना है कि इससे पारदर्शिता बनी रहेगी और उन्हें उचित मूल्य मिल सकेगा। हंगामे की सूचना मिलते ही कांग्रेस जिलाध्यक्ष उत्तमपाल सिंह पुरनी अपने समर्थकों के साथ मंडी पहुंचे और किसानों का समर्थन किया। उन्होंने प्रशासन पर किसानों की अनदेखी का आरोप लगाया।

वहीं, कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने मामले पर सफाई देते हुए कहा कि फसलों के दाम बाजार की स्थिति और गुणवत्ता के आधार पर तय होते हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि अन्य मंडियों की तुलना में खंडवा में किसानों को बेहतर दाम मिल रहे हैं। मंडी में किसान अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं।

