MP में आज से समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी पंजीयन शुरू: CM बोले- किसानों की मेहनत का पूरा मोल मिलेगा
Saturday, Feb 07, 2026-01:25 PM (IST)
भोपाल : मध्यप्रदेश में आज से समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी का पंजीयन शुरू हो गया है। अन्नदाताओं की सुविधा के लिए राज्य भर में 3186 पंजीयन केंद्र बनाए गए हैं। इसके साथ ही 2026-27 के लिए किसानों को गेहूं उपार्जन पर 2585 क्विंटल दाम मिलेगा। किसान 7 मार्च तक अपना पंजीयन करा सकेंगे। पंजीयन की निःशुल्क व्यवस्था है। सीएम मोहन ने कहा है कि मध्यप्रदेश सरकार की जिम्मेदारी, किसानों की मेहनत का उनको पूरा मोल मिले।
निशुक्ल और शुल्क पंजीयन
किसान अपना पंजीयन दो तरह से करवा सकते हैं। पंजीयन की निःशुल्क व्यवस्था ग्राम पंचायत और जनपद पंचायत कार्यालयों में स्थापित सुविधा केन्द्र पर, तहसील कार्यालयों में स्थापित सुविधा केन्द्र पर और सहकारी समितियों एवं सहकारी विपणन संस्थाओं द्वारा संचालित पंजीयन केन्द्र पर की गई है।
वहीं पंजीयन की सशुल्क व्यवस्था कॉमन सर्विस सेन्टर कियोस्क, एमपी ऑनलाइन कियोस्क, लोक सेवा केन्द्र और निजी साइबर कैफे पर की गई है। इन केन्द्रों पर पंजीयन के लिये शुल्क राशि प्राप्त करने के संबंध में कलेक्टर निर्देश जारी करेंगे। प्रति पंजीयन के लिये 50 रुपये से अधिक शुल्क निर्धारित नहीं किया जाएगा।
वहीं दूसरी ओर कांग्रेस गेहूं खरीदी को लेकर सरकार के दावों को खोखला बता रही है। कांग्रेस के पूर्व विधायक शैलेंद्र पटेल ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पंजीयन शुरू करना अच्छी बात, लेकिन किसानों को भुगतान समय पर मिले। किसानों को लागत के मुताबिक दाम नहीं मिल रहा है। सरकार अपना वादा निभाए मेहनत का उचित दाम दें। प्रदेश में अन्नदाता परेशान है।
भाजपा ने आरोपों को सिरे से किया खारिज
बीजेपी प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष अग्रवाल ने कांग्रेस के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा- मप्र सरकार किसान हितैषी सरकार है। खुशहाल अन्नदाता सरकार का लक्ष्य है। इस बार भी खरीदी का लक्ष्य पूरा होगा। किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।

