कांग्रेस के पूर्व विधायक से परेशान महिला ने खाया जहर, 6 पर मामला दर्ज
Sunday, Dec 10, 2023-04:51 PM (IST)

धार: मध्यप्रदेश के धार जिले में एक महिला ने जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। महिला का आरोप है कि कांग्रेस के पूर्व विधायक की प्रताड़ना और जान से मारने की धमकी के कारण उसने जहर का सेवन किया है। आत्महत्या के लिए प्रताड़ित करने और धमकी देने के आरोप में पुलिस ने पूर्व विधायक पांची लाल मेड़ा सहित छह लोगों के खिलाफ एफआईआई दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक, धामनोद की महिला बबीता ने 29 नवंबर को जहर खा लिया था जिसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। 2 दिसंबर को महिला ने पुलिस को बयान दिया कि विधायक की धमकी से परेशान होकर उनसे आत्महत्या करने की कोशिश की। बयान में महिला ने पुलिस को बताया कि मेरे पांची लाल मेड़ा से 12 साल से प्रेम संबंध है। हम साथ में रह रहे थे। साथ में रहने के बाद पांची लाल मेड़ा ने मुझे धामनोद कहार मोहल्ले स्थित मकान को देने से मना कर दिया। इसे लेकर दोनों में विवाद हुआ था। इसके बाद पांची लाल ने उसे चुप रहने और जान से मारने की धमकी दी। परेशान होकर उसने कपास में छिड़कने वाली दवाई पी ली थी। पुलिस ने पांची लाल सहित उनके साथी भीम ठाकुर, प्रदीप ठाकुर, विजय पाटीदार, कुंदन राजपूत और रोहित सिंगारेड के खिलाफ कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। बता दें कि पांची लाल मेड़ा 2018 में धरम पुरी सीट से विधायक चुने गए थे। विधानसभा चुनाव 2023 में धरमपुरी से भाजपा के कालू सिंह ठाकुर से मात्र 356 वोट से हार गए।