महिला आरक्षण बिल पास होने के बाद भाजपा कार्यालय पर महिलाओं ने मनाया जश्न
Friday, Sep 22, 2023-07:30 PM (IST)

इंदौर(सचिन बहरानी): महिला आरक्षण बिल संसद के दोनों सदनों में पास हुआ। लोकसभा और राज्यसभा दोनों में बिल पास होने पर इंदौर में भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारी, कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। ढोल की थाप पर महिला कार्यकर्ता जमकर थिरकीं। सभी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद किया। महिलाओं ने माना कि इस बिल के पास होने से राजनीति में महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी और वे ज्यादा समर्पण के साथ देशसेवा कर सकेंगी।
भाजपा महिला मोर्चा कार्यकर्ताओं ने महिला आरक्षण बिल को मंजूरी मिलने पर जश्न मनाया। महिलाओं ने लड्डू बांटकर एक दूसरे का मुंह मीठा कराया। जावरा कंपाउंड स्थित भाजपा कार्यालय पर बड़ी संख्या में महिला पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाया। ढोल, ढमाकों के साथ जश्न मनाया। इस दौरान जमकर आतिशबाजी भी की गई। महिला सशक्तिकरण की दिशा में इस आरक्षण बिल को बहुत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। 33 प्रतिशत आरक्षण मिलने से लोकसभा में 181 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी। महिला कार्यकर्ताओं ने कहा कि इससे ज्यादा महिलाओं को मौका मिलेगा और वे ज्यादा बेहतर, समर्पित रूप से देश और जनसेवा के कार्य कर सकेंगी।