अतिक्रमण कार्रवाई के दौरान भारी बवाल! एडिशनल DCP को युवक ने मारा धक्का, जमीन पर गिरे
Wednesday, Sep 09, 2026-07:12 PM (IST)
इंदौर (सचिन बहरानी) : इंदौर में अतिक्रमण कार्रवाई के दौरान हंगामा हो गया। यहां कार्रवाई का विरोध कर रही भीड़ ने जमकर बवाल किया। इसी दौरान एक युवक ने एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल को धक्का दे दिया। धक्का लगते ही अधिकारी का संतुलन बिगड़ गया और वे जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद पुलिस ने तत्काल एक्शन लेते हुए युवक समेत 6 लोगों को हिरासत में लिया है।

जानकारी के मुताबिक, इंदौर नगर निगम की टीम बुधवार को साउथ तोड़ा में नगर निगम की टीम 100 से ज्यादा कर्मचारियों, 3 पोकलेन और 6 जेसीबी के साथ कार्रवाई करने पहुंची थी। सुरक्षा के लिए 80 से ज्यादा पुलिस जवान और अधिकारी तैनात किए गए थे। निगम के मुताबिक 50 शेड और 6 मकानों के अवैध हिस्से हटाए गए।

कार्रवाई के दौरान कुछ महिलाएं पुलिस से सामान बाहर निकालने पर विरोध करने लगीं। उनका कहना था कि उन्हें नोटिस में सुबह 9 बजे तक का समय दिया गया है। यही वजह रही कि कार्रवाई शुरू करते ही लोगों ने हंगामा शुरु कर दिया। कई लोग मोबाइल से वीडियो बनाने लगे। स्थिति को देखते हुए एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल भीड़ को पीछे हटाने लगे।

कार्रवाई का विरोध कर रही भीड़ में से एक युवक ने एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल को धक्का दे दिया, जिससे वे जमीन पर गिर पड़े। पुलिस ने मौके से 6 लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस जवानों ने तत्काल धक्का देने वाले युवक को पकड़ लिया। उसके साथ मौजूद एक अन्य युवक समेत कुछ लोगों को भी अभिरक्षा में लिया गया। अधिकारियों के मुताबिक सभी के खिलाफ आगे कार्रवाई की जाएगी। एडिशनल डीसीपी दिशेष अग्रवाल ने बताया कि रिमूवल कार्रवाई के दौरान 6 लोगों को अभिरक्षा में लिया गया है। उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

