2023 का चुनाव कांग्रेस का आखिरी चुनाव, अब नहीं जीते तो घर बैठ जाना- दिग्विजय सिंह की कांग्रेसियों को समझाइश
Tuesday, Feb 28, 2023-07:29 PM (IST)
रायपुर (सत्येंद्र शर्मा): पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें वे पार्टी नेताओं को एकता सूत्र में बांधने के लिए हिदायत दे रहे हैं। दिग्विजय सिंह कह रहे हैं कि अगर ऐसी ही गुटबाजी रही तो साल 2023 का विधानसभा चुनाव कांग्रेस के लिए अंतिम चुनाव होगा। वायरल वीडियो रायपुर अधिवेशन के बाद का बताया जा रहा है। वीडियो में उनके साथ कांतिलाल भूरिया भी दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो में बहुत से नेतागण दिग्विजय को घेरे हुए दिख रहे हैं। दिग्विजय उन्हें संबोधित करते हुए कह रहे हैं कि अगर ऐसी ही गुटबाजी चलती रही तो, 2023 का विधानसभा चुनाव कांग्रेस के लिए आखिरी चुनाव होगा, और ऐसे में कमलनाथ भी कुछ नहीं कर पाएंगे। बाद में जनता मौका नहीं देगी। दिग्विजय सिंह कह रहे हैं कि अगर ईमानदारी से चुनाव नहीं लड़े और इस बार नहीं जीत पाए तो आप लोग घर बैठ जाएंगे। आपको कोई कार्यकर्ता नहीं मिलेगा। आप लोग आपस में बात करने के लिए तैयार ही नहीं हैं। ऐसे ही चलता रहा तो कांग्रेस कभी भी सत्ता में वापसी नहीं करेगी।
दिग्विजय सिंह ने आगे कहा कि मैं भी सिर खपा रहा हूं और कमलनाथ जी भी कुछ नहीं कर पाएंगे। समझ लो अब एक हो जाओ। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।