Punjab Kesari MP ads

बंदरों का आतंक! 5 माह की बच्ची को पालने से उठाकर पानी से भरे ड्रम में फेंका

Saturday, Aug 01, 2026-08:24 PM (IST)

सरगुजा: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में जंगली बंदर के हमले से पांच माह की मासूम बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। लखनपुर ब्लॉक के ग्राम रजपुरी में जंगल से गांव में घुसे बंदर ने घर में रखे पालने से बच्ची को उठाकर पानी से भरे ड्रम में डाल दिया। परिजनों ने तत्काल बच्ची को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल रेफर किया गया है। बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका उपचार एनआईसीयू में किया जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम रजपुरी में कल शाम करीब चार बजे एक जंगली बंदर जंगल क्षेत्र से निकलकर गांव में पहुंच गया। बंदर ने गांव में काफी देर तक उत्पात मचाया, जिससे ग्रामीणों में दहशत फैल गई और कई लोग डर के कारण अपने घरों के अंदर चले गए। इसी दौरान बंदर गांव के सुदर्शन प्रजापति के घर में घुस गया। बंदर को देखकर परिवार के सदस्य भी सहम गए और कमरे में चले गए। घर में सुदर्शन प्रजापति की पांच माह की बच्ची त्रिशिका प्रजापति पालने में सो रही थी। परिजन स्थिति के कारण उसे तत्काल वहां से नहीं उठा सके। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बंदर पालने के पास पहुंचा और बच्ची को उठाकर घर में रखे पानी से भरे नील ड्रम में डाल दिया।

परिजनों ने यह घटना देख ली और तुरंत मौके पर पहुंचकर बच्ची को ड्रम से बाहर निकाला। इसके बाद बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लखनपुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए अंबिकापुर रेफर कर दिया। वर्तमान में बच्ची का इलाज अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में चल रहा है। घटना की जानकारी वन विभाग के अमले को दे दी गई है। बंदर की इस हरकत के बाद रजपुरी गांव के ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। वन विभाग की टीम मामले की जानकारी जुटा रही है और बंदर की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News