Punjab Kesari MP ads

भूपेश बघेल ने जिला अध्यक्षों को दिया बड़ा संदेश, बोले- सरकार के खिलाफ आक्रामक होकर लड़ें जनता की लड़ाई

Sunday, Jun 28, 2026-02:29 PM (IST)

रायपुर (पुष्पेंद्र सिंह): छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित जिला कांग्रेस अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर के आठवें दिन पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने संगठन को मजबूत बनाने और जनहित के मुद्दों पर प्रभावी ढंग से संघर्ष करने के गुर सिखाए। उन्होंने जिला अध्यक्षों से कहा कि वे जनता के मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ आक्रामक भूमिका निभाएं और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करें।

भूपेश बघेल ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने संगठन की बड़ी जिम्मेदारी जिला अध्यक्षों को सौंपी है। उन्होंने कहा कि इस जिम्मेदारी का उपयोग केंद्र की मोदी सरकार और राज्य सरकार की कथित जनविरोधी एवं भ्रष्ट नीतियों के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाने में किया जाना चाहिए। प्रशिक्षण के दौरान भूपेश बघेल ने कांग्रेस सरकार के पांच वर्षों के कार्यकाल, पार्टी की विचारधारा, संगठन की कार्यशैली और देश के विकास में कांग्रेस के योगदान पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने जिला अध्यक्षों को संगठन विस्तार और जनसंपर्क बढ़ाने के व्यावहारिक सुझाव भी दिए।

शिविर में अनुसूचित जनजाति आयोग के पूर्व अध्यक्ष भानुप्रताप सिंह तथा कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के अमीन मेमन ने आदिवासी अधिकार, अल्पसंख्यक कल्याण और जल, जंगल, जमीन जैसे विषयों पर प्रशिक्षण सत्र लिए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत प्रशिक्षण शिविर के सभी सत्रों में लगातार शामिल हो रहे हैं और शिविर स्थल पर ही रात्रि विश्राम कर संगठनात्मक गतिविधियों की निगरानी कर रहे हैं। राष्ट्रीय प्रशिक्षण प्रभारी सचिन राव के मार्गदर्शन में चल रहे इस प्रशिक्षण शिविर के नौवें दिन जिला अध्यक्ष लखना गांव में श्रमदान करेंगे। दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का समापन 29 जून को होगा


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vikas Tiwari

Related News