BJP में महाबवाल, अध्यक्ष ने अपनी ही पार्टी के पार्षदों पर लिया एक्शन, PIC से निकाला बाहर
Wednesday, Oct 01, 2025-12:25 PM (IST)

गुना: नगर पालिका परिषद में भाजपा पार्षदों की गुटबाजी थमने का नाम नहीं ले रही है। हाल ही में भाजपा के अधिकांश पार्षदों ने अपनी ही नगर पालिका अध्यक्ष के प्रस्ताव को विपक्ष के साथ मिलकर खारिज कर दिया था। इस दौरान केवल आठ पार्षद ही अध्यक्ष के साथ खड़े नजर आए। इसके बाद से विवाद और गहराता चला गया।
तनाव बढ़ने पर अध्यक्ष ने कड़ा कदम उठाते हुए प्रेसीडेंट इन काउंसिल (पीआइसी) से चार सदस्यों को बाहर कर दिया है। जिन पार्षदों को हटाया गया है, उनमें दिनेश शर्मा, अलका कोरी, अजब बाई लोधा और सुमन लोधा शामिल हैं। उनकी जगह पर विनोद लोधा, राजकुमारी जाटव, अनीता कुशवाह और कीर्ति सरवैया को नए प्रभारी सदस्य बनाया गया है।
विभागों में भी फेरबदल
नई पीआइसी में कई सदस्यों के विभाग भी बदल दिए गए हैं। खास बात यह है कि कांग्रेस पार्षद रश्मि शर्मा को किसी भी समिति या विभाग में शामिल नहीं किया गया है। पार्षदों के बीच चर्चा है कि इस फेरबदल का मामला अब स्थानीय संगठन के साथ-साथ भाजपा प्रदेश संगठन तक भी पहुंच सकता है। अध्यक्ष का कहना है कि यह बदलाव भाजपा की रीति-नीति के अनुरूप जातिगत समीकरण और महिला प्रतिनिधित्व को ध्यान में रखकर किया गया है।