दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को लेकर इंदौर में बम धमकी, तीन स्कूलों और महापौर कार्यालय को मिला मेल
Monday, Nov 02, 2026-07:47 PM (IST)
इंदौर (सचिन बहरानी) : इंदौर में पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के प्रस्तावित कॉन्सर्ट को लेकर बम धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। तीन स्कूलों और महापौर सचिवालय को धमकी भरे ई-मेल भेजे गए हैं। मेल में 15 नवंबर को होने वाले दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट को लेकर बम धमाके की धमकी दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस और बम डिस्पोजल स्क्वॉड सक्रिय हो गए। स्कूलों में बीडीएस की टीम ने जांच की है, वहीं क्राइम ब्रांच ने ई-मेल को तकनीकी जांच में लिया है।
इंदौर में दिलजीत दोसांझ के 15 नवंबर को प्रस्तावित कॉन्सर्ट से पहले धमकी भरे ई-मेल मिलने का मामला सामने आया है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, शहर के तीन स्कूलों और महापौर सचिवालय को पंजाबी भाषा में ई-मेल भेजकर बम थ्रेट दिया गया है। धमकी की जानकारी मिलते ही पुलिस ने स्कूलों में बम डिस्पोजल स्क्वॉड यानी बीडीएस की टीम से जांच कराई। वहीं महापौर सचिवालय को मिले ई-मेल को भी गंभीरता से लेते हुए क्राइम ब्रांच ने तकनीकी जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब ई-मेल भेजने वाले की पहचान और धमकी की सत्यता का पता लगाने में जुटी है। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

