BJP MLA को CM ने दुखी मन से दी अंतिम विदाई, गृह ग्राम पहुंचकर पार्थिव शरीर को दिया कंधा,अर्पित की भावपूर्ण श्रद्धांजलि
Saturday, Oct 31, 2026-07:54 PM (IST)
रायपुर (पुष्पेंद्र सिंह) : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज बालोद जिले के ग्राम भेंडरा पहुंचे, जहां उन्होंने अहिवारा विधायक स्वर्गीय डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री साय उनकी अंतिम यात्रा में शामिल हुए और उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई दी।
मुख्यमंत्री साय ने स्वर्गीय कोर्सेवाड़ा के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि उनका निधन पूरे क्षेत्र की जनता और व्यक्तिगत रूप से उनके लिए अत्यंत पीड़ादायक है। स्वर्गीय कोर्सेवाड़ा का सरल व्यक्तित्व, आत्मीय व्यवहार और जनसेवा के प्रति समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

बता दें कि डोमन लाल कोर्सेवाड़ा दुर्ग जिले के अहिवारा विधानसभा से विधायक थे। वे लंबे समय से बीमार थे और हैदराबाद के यशोदा अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। शुक्रवार को उन्होंने इलाक के दौरान 78 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली। उनका पार्थिव शरीर 31 अक्टूबर को विमान से रायपुर लाया गया। विभिन्न स्थानों पर अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि के बाद बालोद जिले के गुंडरदेही स्थित उनके पैतृक ग्राम भेण्ड्रा में अंतिम संस्कार किया गया।

