महिला कबड्डी विश्व कप की MVP संजू देवी से मिले CM साय, खिलाड़ी की उपलब्धि पर दी बधाई

Thursday, Nov 27, 2025-08:06 PM (IST)

रायपुर (पुष्पेंद्र सिंह): महिला कबड्डी विश्व कप में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करने वाली स्टार खिलाड़ी संजू देवी ने आज मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से उनके रायपुर स्थित निवास कार्यालय में सौजन्य भेंट की। मुख्यमंत्री ने संजू देवी की उपलब्धि पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह सफलता पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा आपने महिला सशक्तिकरण की नई मिसाल पेश की है। आपको देखकर प्रदेश की बेटियाँ खेल जगत में और अधिक उत्साह के साथ आगे बढ़ेंगी। यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों की प्रतिभा को निखारने में प्रेरक साबित होगी। मुलाकात के दौरान संजू देवी ने अपने खेल जीवन, संघर्षों और विश्व कप अनुभवों को भी मुख्यमंत्री के साथ साझा किया। संजू देवी छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के ग्राम केराकछार की निवासी हैं और महिला कबड्डी विश्व कप में उन्हें मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (MVP) का खिताब भी मिला। यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट 17 से 24 नवंबर के बीच ढाका (बांग्लादेश) में आयोजित हुआ था।

मुलाकात के दौरान छत्तीसगढ़ युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, छत्तीसगढ़ कबड्डी संघ के प्रदेश अध्यक्ष शशिकांत बघेल, कोषाध्यक्ष सेवा राम साहू, पूर्व कोच अनुज प्रताप सिंह और वर्तमान कोच दिल कुमार राठौर सहित अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vikas Tiwari

Related News