‘’गुना को भिंड-मुरैना नहीं बनने दूंगा’’ कलेक्टर की सरपंच को दो टूक, तीखी बहस का वीडियो वायरल
Friday, Aug 14, 2026-02:10 PM (IST)
गुना: मध्य प्रदेश के गुना में शस्त्र लाइसेंस की मांग को लेकर सरपंच और कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल में तीखी बहस हो गई। कलेक्टर ने सरंपच के आरोपों पर सख्त टिप्पणी करते हुए कहा कि गुना को किसी भी हालत में भिंड मुरैना नहीं बनने दूंगा। कलेक्टर का यह बिंदास अंदाज सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। बात की शुरुआत गुना पंच सम्मेलन में सरपंच की पुरानी बंदूक के लाइसेंस को लेकर हुई।
दरअसल, गुना में बीबीजी राम जी योजना के तहत पंच सम्मेलन का आयोजन गुरुवार को शुभ विदाई गार्डन में किया गया था। इसमें जिलेभर के सरपंच, पंच शामिल हुए। कार्यक्रम में कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान दावतपुरा के सरपंच नरेंद्र सिंह ने कलेक्टर की मौजूदगी में गंभीर आरोप लगाए और कहा कि कलेक्टर साहब तो एक दिन नेता बनेंगे।
सरंपच ने कलेक्टर को संबोधित करते हुए मंच से कहा कि गुना जिले में आप जैसा कलेक्टर मेरी लाइफ में तो मैं नहीं देखा हूं। सबसे अच्छे कलेक्टर आप हैं। उम्मीद करते हैं कि ऐसा कुछ आप करें कि हम आपको हमेशा याद रखें। कलेक्टर साहब तो हमे ऐसे लगते हैं कि शायद ये रिटायरमेंट के बाद नेता बनेंगे। उन्होंने अपनी बात जारी रखते हुए कहा कि मेरा जरूर एक काम नहीं किया कलेक्टर साहब ने। मुझे मेरी एक बंदूक को बदलना था। ये आठवें कलेक्टर हैं, जिन्होंने वो नहीं बदली। मैं पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह को भी ले गया, जयवर्धन सिंह को भी ले गया, लेकिन उनकी भी इन्होंने सिफारिश नहीं मानी। तो मैं आज मंच से घोषणा करता हूं कि उस बंदूक को सरेंडर कर दूंगा। क्या करना रख कर। इससे अच्छा तो डंडा रख लूं। सरपंच ने इलाके में शिकारियों के बाद हथियार होने का मुद्दा भी उठाया।
मामला यही शांत नहीं हुआ इधर बंदूक बदलने की मांग पर कलेक्टर किशोर कन्याल सिंह ने सरपंच से कहा दो टूक अपनी बात रखते हुए कहा कि शस्त्र लाइसेंस देकर व किसी भी हालत में गुना को भिंड-मुरैना नहीं बनाना चाहते। कलेक्टर का ये बयान अब चर्चा मे है।

