Punjab Kesari MP ads

दतिया में कांग्रेस की बैठक में फूटा कार्यकर्ताओं का दर्द! दिग्विजय-जीतू के सामने संगठन की खुली पोल

Saturday, Jul 04, 2026-03:45 PM (IST)

दतिया (नवल यादव) : दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रत्याशी चयन के लिए प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी और दिग्विजय सिंह दतिया पहुंचे, जहां उन्होंने कार्यकर्ता सम्मेलन और नेताओं की बैठक में हिस्सा लिया। लेकिन बैठक के दौरान मंच से ही संगठन की कमजोरियां उजागर हो गईं। वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने बूथ स्तर की स्थिति पर सवाल उठाए, वहीं टिकट के दावेदार घनश्याम सिंह ने भी बड़ा बयान दिया।

कार्यकर्ता सम्मेलन के दौरान कांग्रेस की अंदरूनी नाराजगी भी खुलकर सामने आ गई। वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजू दांगी ने मंच से ही बूथ संगठन की कमजोरी का मुद्दा उठाया। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद बूथ अध्यक्षों की गिनती करवाई, जिसमें संख्या बेहद कम नजर आई।

राजू दांगी ने जीतू पटवारी और दिग्विजय सिंह की मौजूदगी में कहा कि पार्टी नेताओं को कार्यकर्ताओं की याद सिर्फ चुनाव के समय आती है। चुनाव खत्म होने के बाद कार्यकर्ताओं की कोई पूछ-परख नहीं होती, जिससे संगठन कमजोर हो रहा है।

वहीं, टिकट की दौड़ में शामिल कांग्रेस नेता घनश्याम सिंह ने कहा कि पार्टी जिसे भी उम्मीदवार बनाएगी, वे पूरी निष्ठा से उसका समर्थन करेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी व्यक्तिगत इच्छा चुनाव लड़ने की नहीं है, लेकिन यदि पार्टी जिम्मेदारी देती है तो वे उसे निभाने के लिए तैयार हैं।

घनश्याम सिंह ने यह भी कहा कि टिकट पर पहला अधिकार पूर्व विधायक राजेंद्र भारती के परिवार और अवधेश नायक का बनता है। उनके इस बयान को दतिया कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति के लिहाज से अहम माना जा रहा है। अब सभी की नजर कांग्रेस आलाकमान के फैसले पर टिकी है कि दतिया उपचुनाव में पार्टी किस चेहरे पर भरोसा जताती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News