दिग्विजय सिंह का BJP-RSS पर हमला: ''अब RSS वाले भी बेईमान, भाजपा सरकार में 30% कमीशन राज''
Wednesday, Oct 29, 2025-01:06 PM (IST)
शिवपुरी: मध्यप्रदेश के शिवपुरी में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भाजपा सरकार के साथ-साथ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर भी तीखा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है और अब RSS कार्यकर्ता भी इस गंदगी से अछूते नहीं रहे। दिग्विजय सिंह ने कहा कि ‘पहले RSS के कार्यकर्ता ईमानदार माने जाते थे, चना खाकर प्रचार करते थे और साइकिल से घूमते थे। लेकिन अब वही RSS कार्यकर्ता भी बेईमान हो गए हैं।‘

भ्रष्टाचार पर बोला हमला
दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार को खुला संरक्षण मिला हुआ है। उन्होंने कहा कि ‘अधिकारियों, कर्मचारियों और भाजपा नेताओं के बीच ठेकों में पार्टनरशिप हो गई है। एक लाख के प्रोजेक्ट में 30 से 40 प्रतिशत रिश्वत के रूप में जाता है। भाजपा के कई नेता अब कमीशन तय करके काम कराते हैं।”
जनता के मुद्दों से भटक रही सरकार
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा अब जनता के मुद्दों से पूरी तरह भटक चुकी है। विकास के नाम पर सिर्फ घोषणाएं की जा रही हैं, जबकि असल में योजनाओं में घोटाला और कमीशनखोरी बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता सब देख रही है और आने वाले समय में जवाब देगी।

