First Phase Lok Sabha election : MP की 6 सीटों पर मतदान शुरू, EVM में कैद होगा 88 प्रत्याशियों का भविष्य

4/19/2024 9:32:21 AM

भोपाल: मध्यप्रदेश में लोकसभा चुनाव के पहले चरण में 6 संसदीय सीटों पर आज सुबह सात बजे कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शुरु हो गया। इन छह सीटों के लगभग एक करोड़ तेरह लाख से अधिक मतदाता आज 88 प्रत्याशियों की किस्मत इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में कैद कर सकेंगे। पहले चरण में सीधी, शहडोल (अजजा), जबलपुर, मंडला(अजजा), बालाघाट और छिंदवाड़ा संसदीय क्षेत्रों के 13 हजार पांच सौ 88 मतदान केंद्रों पर वोटिंग सुबह सात बजे सख्त सुरक्षा प्रबंधों के बीच प्रारंभ हुई। इसके पहले सुबह लगभग साढ़े पांच बजे मॉकपोल की कार्यवाही हुई। मतदान शाम छह बजे तक चलेगा, लेकिन नक्सल प्रभावित बालाघाट संसदीय क्षेत्र के तीन विधानसभा क्षेत्रों बैहर, लांजी और परसवाड़ा में मतदान अपरान्ह चार बजे समाप्त हो जाएगा।

मध्य प्रदेश में कुल एक करोड़ तेरह लाख नौ हजार छह सौ छत्तीस मतदाताओं में 57 लाख 20 हजार से अधिक पुरुष, 55 लाख 88 हजार से अधिक महिलाएं और थर्ड जेंडर के 187 मतदाता शामिल हैं। राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने यहां बताया कि कुल 13 हजार 588 मतदान केंद्रों में से दो हजार 651 क्रिटिकल चिह्नित किए गए हैं और आठ हजार 59 पर वेब कॉस्टिंग की व्यवस्था की गई है। मतदान कराने के लिए 54 हजार से अधिक मतदान कर्मचारियों को तैनात किया गया है और लगभग दस प्रतिशत कर्मचारी रिजर्व रखे गए हैं।

इस चरण में छिंदवाड़ा संसदीय सीट पर सभी की निगाहें लगी हुई हैं, जहां पर कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के पुत्र नकुलनाथ लगातार दूसरी बार संसद में जाने के लिए कोशिश में हैं, वहीं सत्तारूढ़ दल भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अपने प्रत्याशी विवेक बंटी साहू के रूप में मैदान में डटकर कांग्रेस के इस गढ़ में सेंध लगाने की तैयारी में है। इसी वजह से प्रचार समाप्ति के एक दिन पहले भाजपा के दिग्गज नेता अमित शाह ने यहां रोड शो किया और एक रात भी बिताई। शेष सीटों में मंडला (अजजा) भी प्रमुख है, जहां पर भाजपा प्रत्याशी के तौर पर वरिष्ठ आदिवासी नेता फग्गन सिंह कुलस्ते का मुकाबला कांग्रेस के ओंकार सिंह मरकाम से है। बालाघाट में भाजपा की भारती पारधी और कांग्रेस के सम्राट सरस्वार आमने सामने हैं। जबलपुर में कांग्रेस के दिनेश यादव और भाजपा के आशीष दुबे, सीधी में भाजपा के डॉ राजेश मिश्रा और कांग्रेस से पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल तथा शहडोल (अजजा) में भाजपा की हिमाद्री सिंह और कांग्रेस के फुंदेलाल माकर मुकाबले में हैं। पहले चरण की सभी छह सीटों पर कुल 88 प्रत्याशियों में सात महिलाएं भी शामिल हैं। राज्य में कुल 29 संसदीय क्षेत्र हैं और सभी में कुल चार चरणों में मतदान होगा। दूसरे चरण में टीकमगढ़, दमोह, खजुराहो, सतना, रीवा और होशंगाबाद संसदीय क्षेत्रों में 26 अप्रैल को मतदान कराया जाएगा। तीसरे चरण में सात मई को मुरैना, भिंड, ग्वालियर, गुना, सागर, विदिशा, भोपाल, बैतूल और राजगढ़ संसदीय क्षेत्रों मतदान होगा। राज्य के चौथे और अंतिम चरण में देवास, उज्जैन, मंदसौर, रतलाम, धार, इंदौर, खरगोन और खंडवा में मतदान 13 मई को कराया जाएगा। सभी सीटों के लिए मतगणना चार जून को होगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Recommended News

Related News