Punjab Kesari MP ads

साइकिल की जिद में मासूम ने रचा ‘अपहरण’ का ड्रामा! बेटे की फिल्मी कहानी का पुलिस ने किया खुलासा

Saturday, Feb 14, 2026-08:32 PM (IST)

गुना (मिस्बाह नूर): कैंट थाना क्षेत्र में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां एक बच्चे ने साइकिल न मिलने की नाराजगी में खुद के अपहरण की झूठी कहानी गढ़ डाली। इस ‘फिल्मी प्लान’ ने परिवार और पुलिस दोनों को कुछ घंटों तक परेशान कर दिया।

शुक्रवार शाम डायल 112 को सूचना मिली कि बिलोनिया बायपास पर एक बच्चा बेसुध हालत में पड़ा है। राहगीरों ने उसे पानी पिलाया तो बच्चे ने दावा किया कि स्कूल से लौटते समय स्वतंत्रता पार्क के पास एक कार चालक ने उससे पानी मांगा और इसी दौरान पीछे से किसी ने उसे कुछ सुंघाकर बेहोश कर दिया। बच्चे के अनुसार, उसे कार में डालकर ले जाया गया और बाद में वह बिलोनिया बायपास पर मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे को सुरक्षित थाने लेकर आई। परिजनों को बुलाकर जब बच्चे से भरोसे में लेकर पूछताछ की गई, तो पूरी कहानी झूठी निकली। बच्चे ने स्वीकार किया कि वह कई दिनों से अपने पिता से साइकिल की मांग कर रहा था। पिता द्वारा साइकिल न दिलाए जाने से वह नाराज था और इसी कारण उसने अपहरण की कहानी रच डाली।

बच्चे ने बताया कि स्कूल में टेस्ट देने के बाद उसने छुट्टी ली और पैदल ही बायपास की ओर निकल गया। दिनभर भूखा रहने और ज्यादा चलने की वजह से वह थक गया और सड़क किनारे ही सो गया था। सीएसपी प्रियंका मिश्रा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि जांच में अपहरण जैसी कोई घटना सामने नहीं आई है। बच्चे की काउंसलिंग कर उसे विधिवत परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। यह मामला बच्चों के मनोविज्ञान और परिवार में संवाद की अहमियत को भी उजागर करता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vikas Tiwari

Related News