Punjab Kesari MP ads

हाथी ने सूंड से लपेटकर पटका, सीने पर रख दिया पैर, हाथी को गुड़ खिला रहे ड्राइवर की दर्दनाक मौ.त

Sunday, Jul 26, 2026-05:42 PM (IST)

इंदौर (सचिन बहरानी): मध्य प्रदेश के इंदौर शहर से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। चंदन नगर थाना क्षेत्र के राजनगर में एक ऑटो रिक्शा चालक की हाथी के हमले में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि चालक हाथी को श्रद्धा और प्रेम से गुड़ खिलाने पहुंचा था, लेकिन अचानक हाथी बेकाबू हो गया और उसने चालक पर जानलेवा हमला कर दिया।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम करीब 4:30 बजे राजनगर निवासी 49 वर्षीय विजय होलकर अपने घर के बाहर मौजूद थे। इसी दौरान एक हाथी अपने महावत के साथ इलाके में भिक्षा मांगते हुए पहुंचा। यह हाथी जैन समाज के एक मांगलिक कार्यक्रम के सिलसिले में उज्जैन से इंदौर लाया गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विजय होलकर घर से गुड़ लेकर हाथी को खिलाने पहुंचे। जैसे ही उन्होंने हाथी को गुड़ दिया, अचानक हाथी भड़क गया। उसने विजय को अपनी सूंड में लपेटकर जोर से सड़क पर पटक दिया। इसके बाद हाथी ने उनके सीने पर अपना भारी पैर रख दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और स्थानीय लोग घायल विजय को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें एमवाय अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन बाद में एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही चंदन नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है। प्रारंभिक कार्रवाई के तहत लापरवाही के आरोप में हाथी के महावत को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस पूरे घटनाक्रम और सुरक्षा व्यवस्था की जांच कर रही है। इस घटना ने धार्मिक आयोजनों में लाए जाने वाले हाथियों की सुरक्षा व्यवस्था और भीड़भाड़ वाले इलाकों में उनके संचालन को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vikas Tiwari

Related News