करोड़पति निकला इंदौर निगम अधिकारी, लग्जरी गाड़ियां, बंगले और बच्चों के नाम सपंत्ति का खुलासा
Friday, Aug 14, 2026-03:24 PM (IST)
इंदौर : मध्यप्रदेश के इंदौर में लोकायुक्त पुलिस ने नगर पालिक निगम के सहायक राजस्व अधिकारी जितेन्द्र कुमार पाण्डेय के दो ठिकानों पर आज एक साथ सर्च कारर्वाई की। लोकायुक्त के अनुसार अधिकारी के 31 वर्ष के सेवाकाल में उनकी वैध आय की तुलना में करीब 1.73 करोड़ रुपये अधिक व्यय और अनुपातहीन संपत्ति सामने आई है। लोकायुक्त पुलिस के अनुसार जितेन्द्र कुमार पाण्डेय के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की सूचना मिलने पर यह कारर्वाई की गई। सर्च के दौरान उनकी पत्नी भावना पाण्डेय के नाम आनंद नगर एक्सटेंशन, नवलखा चितावद, गजाधर नगर स्थित 40 बाय 50 वर्गफीट के भूखंड पर बने जी 3 भवन पर करीब 1.20 करोड़ रुपये खर्च होना पाया गया। इसी प्रकार गजाधर नगर, चितावद स्थित गुलमोहर का बगीचा क्षेत्र में पत्नी के नाम भूखंड क्रमांक 32 पर जी 2 भवन निर्मित कर छात्रावास संचालित किया जाना पाया गया, जिस पर करीब 91.50 लाख रुपये व्यय का अनुमान है। पत्नी, पुत्र और पुत्री के नाम चार पहिया एवं दो पहिया वाहन खरीदने तथा अन्य खर्चों पर करीब 14 लाख रुपये व्यय होना भी सामने आया है।
वीडियो-
लोकायुक्त के मुताबिक, अधिकारी को पूरे सेवाकाल में करीब 80 लाख रुपये का अनुमानित वेतन प्राप्त हुआ, जबकि उनके द्वारा करीब 2.53 करोड़ रुपये व्यय किया जाना पाया गया। इस आधार पर करीब 1,73,08,069 रुपये की अनुपातहीन संपत्ति सामने आई है, जो वैध आय की तुलना में 216.35 प्रतिशत अधिक है। सर्च कारर्वाई अभी जारी है। मामले में आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण संशोधन अधिनियम 2018 की धाराओं 13(1) बी और 13(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। लोकायुक्त पुलिस के अनुसार कारर्वाई उप पुलिस अधीक्षक सुनील तालान, उप पुलिस अधीक्षक आनंद चौहान तथा निरीक्षक आशुतोष मिठास और निरीक्षक सचिन पटेरिया के नेतृत्व में की जा रही है।

