दोस्तों के साथ खेल रहे 8 साल के मासूम को उठा ले गया तेंदुआ, बच्चे की मौत से गम में परिजन
Monday, Aug 18, 2025-12:11 PM (IST)

बड़वानी : मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले में तेंदुए के हमले में आठ साल के एक बच्चे की मृत्यु हो गई। बड़वानी प्रभारी कलेक्टर काजल जावला ने बताया कि राजपुर क्षेत्र में कल शाम तेंदुए के हमले में इंदरपुर के 8 वर्षीय सुभाष की मृत्यु हो गई। वह अपने दोस्तों के साथ खेल रहा था, इसी बीच तेंदुए ने उस पर हमला कर उसे खींच कर ले जाने की कोशिश की। ग्रामीणों ने सूचना मिलने पर वहां पहुंचकर शोर मचाया, जिसके चलते तेंदुआ उसे छोड़कर चले गया। राजपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाये जाने पर उसे मृत घोषित कर दिया गया।
उन्होंने बताया कि वन, राजस्व, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को सचेत कर दिया गया है। नियमानुसार मृत बालक के परिजन को सहायता राशि दी जा रही है। उधर बड़वानी के वन मंडलाधिकारी आशीष बंसोड़ ने बताया कि पिंजरा और कैमरा ट्रैप स्थापित कर अमले को गश्त के लिए कहा गया है। उन्होंने बताया कि एक रेस्क्यू टीम को भी बुलाया जा रहा है।