CM बोले- CG में नक्सल विरोधी अभियान को बड़ी सफलता,14 माओवादी ढेर, बस्तर में शांति और विकास का स्थायी सूर्योदय

Saturday, Jan 03, 2026-06:08 PM (IST)

रायपुर (पुष्पेंद्र सिंह) : छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे अभियान को बड़ी सफलता मिली है। मुख्यमंत्री  विष्णु देव साय ने कहा है कि बस्तर में अब हिंसा नहीं, बल्कि शांति, विश्वास और विकास ही एकमात्र रास्ता बन चुका है।

मुख्यमंत्री  साय ने बताया कि बस्तर रेंज के बीजापुर और सुकमा जिलों में सुरक्षा बलों द्वारा चलाए गए नक्सल विरोधी अभियान में 14 माओवादियों को न्यूट्रलाइज़ किया गया है। यह अभियान सुरक्षा बलों की सटीक रणनीति, सतत दबाव और मजबूत जमीनी पकड़ का परिणाम है, जिससे माओवादी नेटवर्क लगातार कमजोर हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर अब विकास, निवेश, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के नए अवसरों के साथ आगे बढ़ रहा है। यह बदलाव प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन, केंद्रीय गृह मंत्री  अमित शाह के नेतृत्व, सुरक्षा बलों की अदम्य वीरता, संवेदनशील पुनर्वास नीति और बस्तर की जनता के अटूट विश्वास का परिणाम है।

मुख्यमंत्री  साय ने अभियान में शामिल सभी जवानों के शौर्य को नमन करते हुए उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि जो लोग अब भी हिंसा का रास्ता चुन रहे हैं, वे आत्मसमर्पण कर सरकार की पुनर्वास नीति का लाभ उठाएं और सम्मानजनक जीवन जिएं, अन्यथा राज्य शासन और सुरक्षा बल कानून एवं संविधान के अनुरूप अपनी जिम्मेदारी निभाने में पूरी तरह सक्षम और प्रतिबद्ध हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद की अंधेरी रात अब अंतिम चरण में है और बस्तर में शांति, विश्वास और विकास का स्थायी सूर्योदय सुनिश्चित है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vikas Tiwari

Related News