Punjab Kesari MP ads

नरोत्तम ने फिर दिखाया दम! 5 सौ गाड़ियों के साथ दतिया पहुंचे, जेसीबी से हुई पुष्पवर्षा, मुकुट पहनाकर हुआ स्वागत

Tuesday, Sep 22, 2026-03:49 PM (IST)

दतिया/सेवढ़ा (राघवेंद्र यादव) : मध्य प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री व भाजपा नेता नरोत्तम मिश्रा एक बार फिर हाई जोश में नजर आ रहे हैं। दरअसल, नरोत्तम मिश्रा करीब 500 गाड़ियों के काफिले के साथ दतिया पहुंचे। काफिला इतना लंबा था कि दतिया से रतनगढ़ माता मंदिर तक की 60 किलोमीटर की यात्रा में पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा के काफिले को ढाई घंटे से अधिक का समय लगा। जगह-जगह हुए 15 से अधिक स्वागत कार्यक्रमों के चलते 50 गाड़ियों से शुरू हुआ काफिला रतनगढ़ पहुंचते-पहुंचते 500 गाड़ियों में तब्दील हो गया।

पीतांबरा पीठ पर ढोल-नगाड़े बज रहे थे और कार्यकर्ता अपने नेता का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही डॉ. मिश्रा का काफिला मेन गेट पर पहुंचा, कार्यकर्ताओं का उत्साह कई गुना बढ़ गया और जिंदाबाद के नारों की गूंजें उठी। फॉलो वाहन ने सायरन बजाया और काफिला बम-बम महादेव चौराहा होते हुए सेवढ़ा चुंगी की ओर बढ़ चला।

PunjabKesari

जेसीबी से पुष्पवर्षा, कलश लेकर खड़ी रहीं महिलाएं

देहात थाने के पीछे झिरका बाग में पहला स्वागत हुआ, यहीं से काफिले में गाड़ियों की संख्या बढ़ने लगी। दतिया-सेवढ़ा रोड पर मोरघाट और झाड़ियां में बने स्वागत द्वार पर हाथों में रोली-चंदन और फूल-मालाएं लिए ग्रामीण खड़े थे। डॉ. मिश्रा गाड़ी से उतरे और सभी से आत्मीयता से मिले। सिंधवारी तिराहे पर नजारा सबसे भव्य था। स्टेट हाईवे के दोनों ओर खड़ी जेसीबी मशीनों से युवा पुष्पवर्षा कर रहे थे, तो सड़क किनारे सिर पर कलश रखे महिलाएं स्वागत गीत गा रही थीं। यहां ग्रामीणों ने डॉ. मिश्रा को चांदी का

मुकुट पहनाकर स्वागत किया।

इसके बाद धीरपुर, ररूआ, छिकाऊ, लक्ष्मणपुरा, इंदरगढ़, दोहर, सेगुआ, चरोखरा में भी स्वागत का सिलसिला जारी रहा। थरेट में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जिला महामंत्री संजीव गटवार ने जेसीबी से पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। इस दौरान सेवढ़ा विधायक प्रदीप अग्रवाल भी काफिले के साथ रहे।

PunjabKesari

नरोत्तम बोले- यही है विकसित भारत

रतनगढ़ में नवनिर्मित पुल पर डॉ. मिश्रा काफिले से उतरे और कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए कहा, "ये जो पुल बनकर तैयार हुआ है, यही मोदी का विकसित भारत है। यहां कभी दिन में आने से भी लोग डरते थे, आज यहां रात भर मेला भरा रहता है।"

चर्चा में रही दूरी

इस भव्य विकसित भारत स्वागत यात्रा में पूर्व प्रत्याशी आशुतोष तिवारी और उनके मौसेरे भाई पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेंद्र बुधौलिया दूरी बनाए रहे। उनके समर्थक भी कहीं नजर नहीं आए, जो राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बना रहा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News