दतिया की गलियों में अनोखे अंदाज में दिखे नरोत्तम! सम्मान लेने से किया इनकार, बोले- दूल्हा पीछे आ रहा है, माला उसे पहनाइए
Saturday, Jul 18, 2026-02:40 PM (IST)
दतिया (नवल यादव) : विधानसभा उपचुनाव में चुनाव प्रचार के दौरान पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का अलग अंदाज़ चर्चा का विषय बना हुआ है। जनसंपर्क के दौरान उन्होंने खुद सम्मान लेने से इनकार करते हुए भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को आगे रखा। इतना ही नहीं, उन्होंने समर्थकों से अपने बजाय पार्टी और प्रत्याशी के समर्थन में नारे लगवाकर एकजुटता का संदेश भी दिया।
दतिया विधानसभा उपचुनाव के प्रचार अभियान ने अब पूरी रफ्तार पकड़ ली है। इसी बीच भाजपा के जनसंपर्क अभियान में पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का अलग अंदाज़ लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया। वार्ड क्रमांक 14 और 19 में आयोजित जनसंपर्क के दौरान समर्थकों ने उनका फूल-मालाओं से स्वागत करना चाहा, लेकिन उन्होंने मुस्कुराते हुए सम्मान स्वीकार करने से मना कर दिया।

समर्थकों से डॉ. मिश्रा ने कहा कि "दूल्हा पीछे आ रहा है, माला उसे पहनाइए।" उनका इशारा भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी की ओर था। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने आशुतोष तिवारी का स्वागत किया। डॉ. मिश्रा के इस व्यवहार को पार्टी प्रत्याशी को प्राथमिकता देने के संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
जनसंपर्क के दौरान एक और दिलचस्प नज़ारा तब देखने को मिला, जब कुछ समर्थकों ने डॉ. नरोत्तम मिश्रा के समर्थन में नारे लगाने शुरू किए। उन्होंने तुरंत कार्यकर्ताओं को रोका और स्वयं माइक संभालकर "भारतीय जनता पार्टी ज़िंदाबाद" तथा "आशुतोष तिवारी ज़िंदाबाद" के नारे लगवाए। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के समर्थन में एकजुट होकर चुनाव लड़ने की अपील भी की।

प्रचार अभियान के दौरान डॉ. मिश्रा ने वार्डों के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों से मुलाकात की और कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार किया। हालांकि, उनके जनसंपर्क मार्ग को लेकर भी राजनीतिक हलकों में चर्चा रही, क्योंकि वे कुछ स्थानों पर नहीं गए, जिसे लेकर अलग-अलग तरह की राजनीतिक चर्चाएं भी होती रहीं।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि डॉ. नरोत्तम मिश्रा इस उपचुनाव में संगठनात्मक भूमिका निभाते हुए कार्यकर्ताओं को एकजुट रखने का प्रयास कर रहे हैं। उनका पूरा फोकस पार्टी और अधिकृत प्रत्याशी के पक्ष में माहौल बनाने पर दिखाई दे रहा है। यही वजह है कि उनका यह अलग अंदाज़ सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है।
दतिया उपचुनाव में प्रचार के दौरान डॉ. नरोत्तम मिश्रा का यह संदेश साफ नजर आया कि चुनाव में व्यक्ति नहीं, बल्कि पार्टी और उसका अधिकृत प्रत्याशी सर्वोपरि है। अब देखना होगा कि उनका यह चुनावी अंदाज़ मतदान के नतीजों पर कितना असर डालता है।

