Punjab Kesari MP ads

दतिया में गरजे नरोत्तम मिश्रा: बोले- SP साहब, मैं अपने दोस्त और दुश्मनों को नहीं भूलता

Thursday, Jul 16, 2026-01:27 PM (IST)

दतिया। मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के बीच सियासी माहौल लगातार गर्माता जा रहा है। भाजपा से टिकट नहीं मिलने के बाद पहली बार नहीं, बल्कि दूसरी बार दतिया पहुंचे पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने बुधवार को भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यकर्ता बैठक को संबोधित करते हुए प्रशासन, विशेषकर पुलिस की कार्यशैली पर तीखी नाराजगी जाहिर की।

अपने संबोधन के दौरान डॉ. मिश्रा ने मंच से पुलिस अधीक्षक (SP) को संबोधित करते हुए कहा, SP साहब, मैं अपने दोस्त और दुश्मन दोनों को नहीं भूलता। पुलिस वाले और SP साहब इस बात को ध्यान से सुन लें। निर्दोष कार्यकर्ताओं पर झूठे केस लगाना और उनके साथ मारपीट करना किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उनके इस बयान के बाद कार्यक्रम स्थल पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने जोरदार समर्थन जताया। मिश्रा ने कहा निर्दोष कार्यकर्ताओं को निशाना बनाना उचित नहीं है। 

गौरतलब है कि भाजपा ने दतिया उपचुनाव में पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा की जगह आशुतोष तिवारी को प्रत्याशी बनाया है। टिकट की घोषणा के बाद मिश्रा समर्थकों ने दतिया में चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन किया था। इस दौरान हंगामे की स्थिति बनी, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई कार्यकर्ताओं के खिलाफ प्रकरण दर्ज किए थे।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि डॉ. मिश्रा का यह बयान केवल प्रशासन पर नाराजगी तक सीमित नहीं है, बल्कि उपचुनाव के बीच एक स्पष्ट राजनीतिक संदेश भी माना जा रहा है। अब देखना होगा कि उनके इस बयान का चुनावी माहौल और प्रशासनिक हलकों पर क्या असर पड़ता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News