BJP विधायक ने दी कपड़े फाड़ने की धमकी, महिला से गाली गलौज का वीडियो वायरल

Tuesday, Feb 24, 2026-04:41 PM (IST)

धार : मध्यप्रदेश के धार जिले की धरमपुरी विधानसभा से भारतीय जनता पार्टी विधायक कालूसिंह ठाकुर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें विधायक एक महिला को अपशब्द बोलते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद महिला और उसके बच्चे धामनोद थाने पहुंचे और एक शिकायती आवेदन दिया है। आवेदन में महिला ने विधायक पर जान से मारने की धमकी देने और बेटी के कपड़े फाड़ने जैसे संगीन आरोप लगाए हैं। पुलिस ने विधायक के कर्मचारी की रिपोर्ट पर परिवार के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। साथ ही पीड़ित परिवार ने भी विधायक के खिलाफ आवेदन सौंपा है। पीड़ित परिवार ने कल देर रात धामनोद पहुंचकर आवेदन सौंपा है।

धरमपुरी के सिरसोदिया निवासी गेंदाबाई पति संतोष गिरवाल ने बताया कि 22 फरवरी को सुबह कारम नदी किनारे फोरलेन के पास वो और उसका पोता साहिल गिरवाल बकरी चराते हुए वहां से गुजर रहे थे, उसी दौरान रास्ते में विधायक कालूसिंह ठाकुर और उनके साथियों ने उन पर पत्थरबाजी कर मारपीट शुरु कर दी। बेटी पिंकी गिरवाल वहां पहुंची तो उसके साथ अभद्र व्यवहार कर कपड़े फाड़ दिए। जब परिवार को इस घटना की सूचना मिली तो वह भी मौके पर पहुंचे। इस पर विधायक द्वारा परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। मामले में दो दिन पूर्व विधायक कालूसिंह ठाकुर के कर्मचारी नवदीप निंगवाल ने भी एक प्रकरण धामनोद थाने पर दर्ज करया था, जिसमें आरोप लगाया था कि 22 फरवरी को विधायक के खेत के पास ग्राम सिरसोदिया में पिंकी गिरवाल, संतोष गिरवाल, गेंदाबाई गिरवाल और रंजु पति शंकर ने आरोपियों द्वारा अपशब्द बोलकर जान से मारने की धमकी दी थी। विधायक कालूसिंह ठाकुर को इसके पहले एक महिला व उसके पति द्वारा हनी ट्रैप में फंसाने की कोशिश कर दो करोड़ रुपए के लिए ब्लैकमेल करने का भी मामला सामने आ चुका है। थाना प्रभारी, धामनोद, प्रवीण ठाकरे ने बताया कि एक पक्ष की ओर से पूर्व में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है, महिला की ओर से भी एक शिकायती आवेदन प्राप्त हुआ है, नियमानुसार कारर्वाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News