लोधी समाज के प्रदेश अध्यक्ष गिरफ्तार, मंत्री प्रहलाद पटेल ने जताई कड़ी आपत्ति, सागर पुलिस को घेरा
Sunday, Jul 05, 2026-07:30 PM (IST)
सागर: सागर में जिला पंचायत सदस्य और युवा लोधी समाज के प्रदेश अध्यक्ष सर्वजीत सिंह की गिरफ्तारी ने सियासी हलचल बढ़ा दी है। दो साल पुराने फायरिंग और मारपीट के मामले में पुलिस कार्रवाई के बाद पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल खुलकर अपने समर्थक के पक्ष में उतर आए हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री को टैग करते हुए सोशल मीडिया पर सागर पुलिस की कार्रवाई की आलोचना की है।
मध्य प्रदेश के सागर जिले में जिला पंचायत सदस्य और युवा लोधी समाज के प्रदेश अध्यक्ष सर्वजीत सिंह को बांदरी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से कोर्ट ने उन्हें जेल भेज दिया।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई करीब दो साल पुराने एक मामले में की गई है। आरोप है कि खुरई विधानसभा क्षेत्र के बांदरी कस्बे के एक ढाबे पर सर्वजीत सिंह अपने साथियों के साथ पहुंचे थे, जहां तोड़फोड़, मारपीट और फायरिंग की घटना हुई थी। इसी मामले में उनके खिलाफ केस दर्ज हुआ था। हालांकि, मामला दर्ज होने के बावजूद लंबे समय तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब अचानक हुई गिरफ्तारी को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
सर्वजीत सिंह को पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल का करीबी समर्थक माना जाता है। गिरफ्तारी के बाद मंत्री प्रहलाद पटेल ने मुख्यमंत्री को टैग करते हुए फेसबुक पर पोस्ट लिखी और सागर पुलिस की कार्रवाई की निंदा की। मंत्री की इस सार्वजनिक प्रतिक्रिया के बाद मामला राजनीतिक रंग लेता दिखाई दे रहा है।
फिलहाल पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी न्यायिक प्रक्रिया के तहत दर्ज प्रकरण में की गई है। वहीं मंत्री की नाराजगी के बाद अब इस मामले पर प्रदेश की राजनीति में नई बहस शुरू हो गई है। अब देखना होगा कि सरकार और पुलिस प्रशासन इस पूरे विवाद पर आगे क्या रुख अपनाते हैं।

