खजराना गणेश मंदिर के पुजारी पर पत्नी के सनसनीखेज आरोप, एक करोड़ रुपए और फॉर्च्यूनर मांगी; शादी के 4 महीने बाद ही घर से निकाला
Tuesday, Mar 24, 2026-06:59 PM (IST)
इंदौर (सचिन बहरानी) : इंदौर के खजराना गणेश मंदिर से जुड़े पुजारी परिवार की बहू इंदिरा भट्ट ने अपने पति पुनीत भट्ट और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने पुलिस आयुक्त कार्यालय में शिकायती आवेदन दिया है। आवेदन में दहेज प्रताड़ना, मारपीट, मानसिक उत्पीड़न और घर से निकालने की बात कही है।

इंदिरा के अनुसार, उनकी शादी 17 मई 2025 को हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शुरुआत में सब कुछ ठीक रहा। जुलाई 2025 के बाद ससुराल वालों का व्यवहार बदल गया। उन्होंने बताया कि यह दोनों की दूसरी शादी है। पति ने संतान की इच्छा के चलते विवाह किया था। पीड़िता का आरोप है कि पति समेत सास, ननद, नंदोई और देवरों ने मिलकर दहेज के लिए दबाव बनाया। मायके से 1 करोड़ रुपए और फॉर्च्यूनर कार लाने की मांग की गई। मांग पूरी न करने पर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ना दी गई। उसे अपमानित किया गया।

इंदिरा का आरोप है कि उनके पति के दत्तक पुत्र उदित ने अपनी पत्नी कुमकुम के मामले में उनके खिलाफ झूठे आरोप लगाकर केस दर्ज करा दिया। इस वजह से पुलिस उन्हें बेवजह परेशान करती रही।

उन्होंने बताया कि इस मामले में खजराना पुलिस उनके खिलाफ कोर्ट में चालान पेश कर चुकी है, जिसे निरस्त कराने के लिए वह कानूनी कार्रवाई कर रही हैं। पुलिस के अनुसार आवेदन मिला है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

