कांग्रेस में बड़ी फूट, शहर अध्यक्ष के खिलाफ कार्यकर्ताओं ने दिया धरना, BJP की मदद करने का लगाया आरोप

Thursday, Dec 04, 2025-07:36 PM (IST)

इंदौर (सचिन बहरानी): इंदौर शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे के खिलाफ पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं का आक्रोश खुलकर सामने आ गया है। मंगलवार को बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता गांधी भवन पहुंचे और मौन धरना देकर संगठन की कार्यशैली पर आपत्ति जताई।

प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पार्टी संगठन में "फूलछाप" यानी निष्क्रिय और भाजपा की मदद करने वाले नेताओं को तवज्जो दी जा रही है, जबकि लंबे समय से पार्टी के लिए काम करने वाले समर्पित कार्यकर्ताओं की लगातार उपेक्षा की जा रही है। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि चुनावों में पार्टी के खिलाफ खड़े होने वाले या निर्दलीय रूप से चुनाव लड़ने वाले लोगों को संगठन में महत्व दिया जा रहा है, जो अनुशासन के खिलाफ है। इससे कार्यकर्ताओं की मेहनत का अवमूल्यन हो रहा है और संगठन की एकजुटता पर प्रभाव पड़ रहा है।

नाराज कार्यकर्ताओं ने बताया कि उन्होंने यह शिकायत कई बार वरिष्ठ नेताओं तक पहुंचाई, लेकिन कोई कदम नहीं उठाया गया। मजबूर होकर उन्हें मौन धरना देना पड़ा। धरने के दौरान सभी कार्यकर्ता हाथों में विरोध दर्ज कराने वाली तख्तियां लिए नजर आए। इस विरोध ने एक बार फिर इंदौर कांग्रेस की गुटबाजी को खुलकर सामने ला दिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vikas Tiwari

Related News