सिंहस्थ 2028 की उलटी गिनती शुरू: CM मोहन का अल्टीमेटम, दीपावली 2027 तक हर हाल में पूरे हों 2923 करोड़ के मेगा प्रोजेक्ट्स
Tuesday, Apr 07, 2026-06:44 PM (IST)
भोपाल: मुख्यमंत्री Mohan Yadav की अध्यक्षता में हुई मंत्रिमंडलीय समिति की बैठक में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों को लेकर बड़ा फैसला लिया गया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी निर्माण और विकास कार्य वर्ष 2027 की दीपावली तक हर हाल में पूर्ण कर लिए जाएं, ताकि आयोजन में किसी प्रकार की बाधा न आए।
बैठक में सिंहस्थ से जुड़े 22 प्रमुख कार्यों के लिए लगभग 2,923 करोड़ रुपये से अधिक की राशि को स्वीकृति दी गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंहस्थ जैसे विशाल आयोजन के सफल संचालन के लिए पर्याप्त अधिकारियों और कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और सभी संबंधित कर्मियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाए। श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए मुख्यमंत्री ने उज्जैन के 100 किलोमीटर के दायरे में होम-स्टे, पार्किंग और जन सुविधाओं के व्यापक विकास के निर्देश दिए। साथ ही अधोसंरचना निर्माण में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए थर्ड पार्टी ऑडिट कराने पर भी जोर दिया गया।
सड़क, पुल और मार्ग चौड़ीकरण सहित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है, जिससे Ujjain में आवागमन को सुगम बनाया जा सके। इसके अलावा क्षिप्रा नदी पर पैदल यात्रियों के लिए अलग ब्रिज निर्माण के निर्देश भी दिए गए हैं। तकनीकी दृष्टि से सिंहस्थ को आधुनिक बनाने के लिए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के निर्माण को भी मंजूरी दी गई है, जहां से सीसीटीवी, ड्रोन और एआई आधारित सिस्टम के जरिए भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा की रियल टाइम मॉनिटरिंग की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंहस्थ केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रदेश की पहचान और आस्था का प्रतीक है, इसलिए सभी कार्य समयसीमा और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।

