राहुल गांधी के मार्शल आर्ट सेशन में MP के युवा का ‘सियासी’ दांव! ऐसा क्या हुआ, कि राहुल ने गले लगा दिया...
Monday, May 05, 2025-04:29 PM (IST)

दिल्ली : ‘राहुल जी, हम मध्य प्रदेश के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने 25 साल से सरकार नहीं देखी! हमारे चुने हुए जनप्रतिनिधि खरीदे जा रहे हैं, हमारे तय किए गए प्रत्याशी पाला बदल लेते है। तमाम सरकारी एजेंसियां हमारे खिलाफ काम करती हैं। कुल मिलाकर हम कलयुग में महाभारत की लड़ाई लड़ रहे हैं। लेकिन इन सबके बाद भी हम दमदारी से भाजपा सरकार के खिलाफ लड़ रहे हैं, और एक दिन जीत कर भी दिखाएंगे।‘
ऊपर लिखे हुए ये चंद शब्द मध्ययप्रदेश के एक कांग्रेस कार्यकर्ता के वो विचार हैं, जिसमें शायद हर कांग्रेसी की आवाज को महसूस किया जा सकता है। दरअसल दिल्ली में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से इंदौर मध्यप्रदेश के कांग्रेस नेता सुवेग राठी की जीयू जित्सु मार्शल आर्ट सेशन में लगभग 3 घंटे तक विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा और मुलाकात हुई। राहुल गांधी जी के इस सेशन में शामिल होने वाले सुवेग राठी मध्यप्रदेश से पहले कांग्रेस नेता हैं। इस सेशन में देश के अलग अलग राज्यों से लगभग 15 उभरते हुए युवा नेताओं को बुलाया गया था।
इस सेशन में राहुल गांधी ने मेंटल एवं फिजिकल एनर्जी पर फोकस रखने के टिप्स देने के साथ राष्ट्रीय राजनीति, वैचारिक मुद्दे और पार्टी से जुड़े कई विषयों पर खुलकर चर्चा की। अलग अलग जगह से आए कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ राहुल गांधी ने काफी बेहतरीन समय बिताया, और उनके क्षेत्र से जुड़े मसलों पर चर्चा की। लेकिन इस बीच सबसे खास पहलू मध्यप्रदेश कांग्रेस के युवा नेता सुवेग राठी से जुड़ा हुआ था। जिन्होंने राहुल के साथ प्रदेश कांग्रेस के साथ घटे उन विषयों को रखा, कि राहुल भी गंभीरता के साथ उनकी बात सुनने को मजबूर हो गए। यहीं नहीं बल्कि सुवेग राठी की जीवटता ने राहुल को इतना प्रभावित किया, कि राहुल ने लपककर उन्हें अपने गले से लगा लिया।
अपनी चर्चा में राठी ने सीधे तौर पर मध्यप्रदेश कांग्रेस के खांटी कार्यकर्ताओं के दर्द और उनके संघर्ष को सामने रखा, पिछले लगभग ढाई दशक के विपक्षी लड़ाई और 2020 में सत्ता पलट के साथ इंदौर में कांग्रेस के लोकसभा प्रत्याशी का दलबदल उनमें प्रमुख था। हालांकि इन तमाम नकारात्मकताओं के बावजूद सुवेग राठी मध्यप्रदेश कांग्रेस की तरफ से राहुल गांधी को ये वादा करके आए, कि एक दिन प्रदेश में अपने पुराने रुतबे के साथ फिर से नजर आएगी।