अबूझमाड़ के नेलांगुर में हर घर पहुँचा नल जल: 52 किमी दूर बसे गांव में खत्म हुआ पेयजल संकट
Sunday, Apr 12, 2026-05:09 PM (IST)
रायपुर (पुष्पेंद्र सिंह): छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले के ओरछा ब्लॉक के सीमावर्ती ग्राम नेलांगुर में अब विकास की नई तस्वीर देखने को मिल रही है। महाराष्ट्र सीमा से लगे इस दूरस्थ और पूर्व अतिसंवेदनशील क्षेत्र में पहली बार घर-घर नल से पानी पहुंचना शुरू हुआ है, जिससे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति स्थापित होने के बाद विकास कार्यों ने भी रफ्तार पकड़ी है। कलेक्टर नम्रता जैन के अनुसार, जल जीवन मिशन के तहत इस गांव में सोलर पंप आधारित जल आपूर्ति व्यवस्था शुरू की गई है। जल स्रोत से पानी उठाकर पाइपलाइन के जरिए सीधे घरों तक पहुंचाया जा रहा है, जिससे बिजली पर निर्भरता कम हुई है और नियमित जल आपूर्ति संभव हो सकी है। जिला मुख्यालय से करीब 52 किलोमीटर दूर बसे इस गांव के ग्रामीण लंबे समय से पेयजल संकट से जूझ रहे थे। अब इस योजना के लागू होने से न केवल उनकी समस्या का समाधान हुआ है, बल्कि उनके दैनिक जीवन में भी सकारात्मक बदलाव आया है। विशेष रूप से महिलाओं को अब दूर-दूर तक पानी लाने की परेशानी से मुक्ति मिली है।
गांव में जल आपूर्ति शुरू होने से स्वच्छता के प्रति जागरूकता भी बढ़ी है और जीवन स्तर में सुधार देखने को मिल रहा है। नेलांगुर में जल जीवन मिशन का सफल क्रियान्वयन इस बात का संकेत है कि शासन की योजनाएं अब दूरस्थ और सीमावर्ती क्षेत्रों तक प्रभावी रूप से पहुंच रही हैं।

