Punjab Kesari MP ads

दर्दनाक हादसाः 3 दोस्तों की एक साथ थमीं सांसे, नहाते वक्त तालाब में डूबे; पूरे गांव में पसरा मातम

Tuesday, Apr 07, 2026-12:02 PM (IST)

अशोकनगरः जनपद अशोकनगर के चंदेरी क्षेत्र में से दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। जहां गांव में स्थित एक तालाब में नहाते वक्त तीन दोस्त डूब गए। घटना में तीनों की मौके पर मौत की सूचना मिली है। बताया गया कि तीनों नाबालिग छात्र थे। गांव में छुट्टियां बिताने आए थे। इसी बीच उनके साथ यह दर्दनाक हादसा हुआ है। इस घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है।  

तालाब में डूबने से 3 दोस्तों की हुई मौत
जानकारी के मुताबिक, यह घटना नई सराय थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई है। जहां सोमवार को तीन नाबालिग दोस्त गांव से करीब डेढ़ से दो किलोमीटर दूर स्थित तालाब में नहाने के लिए गए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नहाते समय तीनों खूब मौज मस्ती कर रहे थे। इसके चलते गहरे पानी की ओर बढ़ गए और अचानक संतुलन खो बैठे। देखते ही देखते तीनों पानी में डूबने लगे। इस दौरान अन्य दोस्तों में चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी पर परिजनों समेत गांव के लोग भी मौके पर पहुंचे। लेकिन, उनका कुछ पता नहीं चल पाया। ग्रामीणों ने पुलिस को तुरंत सूचना दी।

गांव में छुट्टियां बिताने आए थे      
पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ को भी बुलाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद तालाब से तीनों किशोरों के शव बाहर निकाले। मृतकों की पहचान मयंक रघुवंशी (16), देव रघुवंशी (16) और ओम रघुवंशी (15) के रूप में हुई। परिजनों ने बताया कि मयंक रघुवंशी कक्षा 9 का छात्र था। जबकि ओम रघुवंशी कक्षा 8 का छात्र था। दोनों गुना में रहकर पढ़ाई कर रहे थे। इन दिनों गांव में छुट्टियां बिताने आए थे। वहीं, देव रघुवंशी सराय में ही रहकर पढ़ रहा था जोकि कक्षा 8 का छात्र था।
 
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने तीनों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतकों के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। बताया गया कि देव रघुवंशी अपने घर का इकलौता चिराग था। वह तीन बहनों में सबसे छोटा था। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट आया है।    



 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News