MP में घर-घर चंदा जुटाएगी कांग्रेस, हर विधानसभा से 25 लाख का टारगेट, भाजपा बोली- पार्टी में आर्थिक संकट

Sunday, Oct 26, 2025-07:33 PM (IST)

भोपाल : मध्य प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की माली हालत खस्ता बताई जा रही है। आंदोलनों और अभियानों के लिए फंड की कमी झेल रही पार्टी ने अब सीधे जनता से चंदा जुटाने का नया अभियान शुरू करने का फैसला किया है। कांग्रेस अब हर विधानसभा क्षेत्र के 25 हजार घरों से 100 रुपए का चंदा इक्ट्ठा करेगी। यानी एक विधानसभा से 25 लाख रुपए, और प्रदेश की 230 सीटों से कुल 57 करोड़ 50 लाख रुपए पार्टी फंड में आने की उम्मीद है।

कांग्रेस नेता पीसी शर्मा ने कहा कि पार्टी की मजबूती और हर घर से जुड़ाव बढ़ाने के लिए यह अभियान बेहद अहम है। उन्होंने बताया कि पचमढ़ी प्रशिक्षण शिविर के बाद इस अभियान की औपचारिक शुरुआत की जाएगी। यह अभियान 60 दिनों तक चलेगा, जिसमें कांग्रेस अपने लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी ताकत लगाएगी। फंड कलेक्शन की मॉनिटरिंग के लिए प्रदेश और जिला स्तर पर टीमों का गठन किया जाएगा। पार्टी का लक्ष्य न केवल फंड जुटाना है, बल्कि चंदा देने वाले हर परिवार से सीधा संपर्क भी बनाना है, जो आगामी चुनावों में वोट बैंक के रूप में काम आ सकता है।

वहीं, बीजेपी ने कांग्रेस के इस कदम पर तंज कसा है। बीजेपी प्रवक्ता अजय सिंह यादव ने कहा कि “कांग्रेस का यह नया अभियान केवल एक राजनीतिक चाल है, असलियत यह है कि पार्टी आर्थिक संकट में फंसी है और अब जनता से उगाही कर रही है।”


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News