मंत्री के बंगले में ही चोरों ने लगा दी सेंध, कीमती सामान उड़ा ले गए
Monday, Apr 06, 2026-04:17 PM (IST)
भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली एक बड़ी घटना सामने आई है। प्रदेश के खेल एवं सहकारिता मंत्री विश्वास सारंग के सरकारी बंगले में चोरी हो गई। अज्ञात चोर परिसर के स्टोर रूम का ताला तोड़कर अंदर रखी ट्रॉफियां, मोमेंटो और शील्ड ले गए।
जानकारी के अनुसार, यह वारदात 2 और 3 अप्रैल की दरमियानी रात की है, लेकिन इसका खुलासा 6 अप्रैल की सुबह हुआ। सुबह जब सुरक्षा गार्ड ने स्टोर रूम का ताला टूटा देखा, तो अंदर रखा सामान गायब मिला, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
टीटीनगर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि चोरी गईं सभी ट्रॉफियां और सम्मान चिन्ह मंत्री सारंग को विभिन्न कार्यक्रमों में मिले थे। फिलहाल पुलिस इनकी कुल कीमत का आकलन कर रही है।
जांच के दौरान एक बड़ी लापरवाही भी सामने आई है। जिस स्टोर रूम में चोरी हुई, वहां CCTV कैमरे नहीं लगे थे। यही वजह है कि चोरों की पहचान करना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। संदिग्धों की पहचान कर जल्द ही मामले का खुलासा करने का दावा किया जा रहा है।
इस घटना ने एक बार फिर VIP सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं, खासकर तब जब मामला एक मंत्री के सरकारी आवास से जुड़ा हो।

