Punjab Kesari MP ads

200 जवानों ने दिखाई तत्परता, लापता बच्चे को रातों रात ढूंढ निकाला, ट्राली में सोया पड़ा मिला 6 साल का मासूम

Wednesday, Jun 03, 2026-02:34 PM (IST)

ग्वालियर (अंकुर जैन) : पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत एक बार फिर संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय दिया है। पुरानी छावनी थाना क्षेत्र से गायब हुए 6 वर्षीय बालक को पुलिस ने रातभर चले सर्च ऑपरेशन के बाद कुछ ही घंटों में सकुशल तलाश कर परिजनों को सौंप दिया। बालक की खोज में करीब 200 पुलिस जवान लगाए गए थे। आखिरकार मासूम एक ट्रॉली के अंदर सोता हुआ मिला।

मामला पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के रूद्रपुरा का है, जहां प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहे एक परिवार का 6 वर्षीय बालक खेलते-खेलते अचानक लापता हो गया। शाम करीब 7 बजे बालक के गायब होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया।

सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ग्वालियर धर्मवीर सिंह स्वयं मौके पर पहुंचे और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनु बेनीवाल तथा सीएसपी नागेन्द्र सिंह सिकरवार के नेतृत्व में विशेष टीमें गठित कर बालक की तलाश शुरू कराई। पुलिस लाइन से अतिरिक्त बल बुलाया गया और विभिन्न थानों की टीमों सहित 200 से अधिक जवानों को सर्च ऑपरेशन में लगाया गया।

तलाश के दौरान पुलिस ने क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, होटल, ढाबों और अन्य संदिग्ध स्थानों की जांच की। बसों, ऑटो और टेम्पो वाहनों की सघन चेकिंग की गई। साथ ही कंट्रोल रूम के माध्यम से जिले और सीमावर्ती क्षेत्रों में भी सूचना प्रसारित की गई।

लगातार प्रयासों और रातभर चली सघन सर्चिंग के बाद देर रात करीब 2 बजे पुलिस टीम को बालक रूद्रपुरा क्षेत्र में एक ट्रॉली के अंदर सोता हुआ मिला। पुलिस ने तत्काल उसे सकुशल परिजनों के सुपुर्द किया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News