Punjab Kesari MP ads

कुबेरेश्वर धाम जाने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी! 13 से 22 फरवरी तक रुकेंगी 21 ट्रेनें, जानें पूरी लिस्ट

Wednesday, Feb 11, 2026-01:42 PM (IST)

सीहोर। मध्यप्रदेश के सीहोर जिले में स्थित पंडित प्रदीप मिश्रा के कुबेरेश्वर धाम में आयोजित होने वाले रुद्राक्ष महोत्सव और महाशिवरात्रि मेले को लेकर रेलवे ने बड़ा निर्णय लिया है। भारी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सीहोर रेलवे स्टेशन पर 21 जोड़ी मेल/एक्सप्रेस और सुपरफास्ट ट्रेनों का अस्थायी ठहराव दिया जाएगा।

पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार यह अस्थायी स्टॉपेज 13 फरवरी 2026 से 22 फरवरी 2026 तक प्रभावी रहेगा। रेलवे के इस फैसले से देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी।

इन प्रमुख ट्रेनों का रहेगा ठहराव

डॉ. अम्बेडकर नगर–नागपुर सुपरफास्ट, इंदौर–हावड़ा क्षिप्रा एक्सप्रेस, इंदौर–वाराणसी सुपरफास्ट, इंदौर–पटना एक्सप्रेस, डॉ. अम्बेडकर नगर–कामाख्या एक्सप्रेस, इंदौर–तिरुवनंतपुरम नॉर्थ एक्सप्रेस, जयपुर–हैदराबाद सुपरफास्ट, जोधपुर–पुरी एक्सप्रेस, अहमदाबाद–दरभंगा, अहमदाबाद–कोलकाता, भुज–शालिमार, गांधीनगर कैपिटल–वाराणसी सुपरफास्ट समेत कुल 21 जोड़ी ट्रेनें शामिल हैं।

इन ट्रेनों के रुकने से उत्तर प्रदेश, बिहार, गुजरात, राजस्थान, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और दक्षिण भारत से आने वाले श्रद्धालुओं को सीधा लाभ मिलेगा।

14 फरवरी से शुरू होगा रुद्राक्ष महोत्सव

हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी कुबेरेश्वर धाम में 14 फरवरी से 20 फरवरी तक रुद्राक्ष महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। शिव महापुराण कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के सान्निध्य में आयोजित इस महोत्सव में लाखों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

इस बार कार्यक्रम की खास थीम ‘ग्रीन शिवरात्रि’ रखी गई है। पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ महाशिवरात्रि पर देश-विदेश में एक करोड़ पौधे लगाने का संकल्प लिया गया है। वहीं, सीहोर में ही 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। रेलवे और प्रशासन द्वारा की गई विशेष तैयारियों के चलते श्रद्धालुओं को यात्रा में काफी सुविधा मिलेगी और महाशिवरात्रि का यह आयोजन भव्य रूप में संपन्न होने की उम्मीद है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News