शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, एक साथ बदले 350 अधिकारी-कर्मचारी
Monday, May 04, 2026-05:40 PM (IST)
रायपुर (पुष्पेंद्र सिंह) : छत्तीसगढ़ स्कूल शिक्षा विभाग में बड़े स्तर पर प्रशासनिक तबादले हुए है। इस तबादला आदेश के तहत 350 से अधिक अधिकारियों-कर्मचारियों को इधर से उधर किया गया है। बदले गए अधिकारी-कर्मचारियों में प्राचार्य, व्याख्याता, शिक्षक और सहायक शिक्षक शामिल हैं। इतने बड़े पैमाने पर हुए इस फेरबदल को लेकर महकमे में हड़कंप का माहौल है।
आदेशों को लेकर 4 मुख्य बातें निकलकर सामने आई है।
- वैसे आमतौर पर ऐसे तबादले आदेश एक सूची में जारी होते हैं। लेकिन खास बात यह कि इन सभी अधिकारी-कर्मचारियों के तबादला आदेश अलग अलग आदेश के रुप जारी किया गया है।
- इन आदेशों की एक और खासितयत निकलकर सामने आई है कि आदेशों पर डिजिटल साइन या ई-साइन नहीं है। बल्कि हर आदेश पर हाथ से किए गए साइन हैं। जबकि डिजिटल दौर में सरकारी आदेशों पर ज्यादातर डिजिटल या ई-साइन ही किए जाते हैं।
- सबसे बड़ी और खास बात यह कि इन तबादला आदेशों को जारी करने की तारीख 24 अप्रैल है, लेकिन आधिकारिक तौर पर इसे लगभग 10 दिन बाद यानी 3 मई को सार्वजनिक किया गया। ऐसे में सवाल ये उठता है कि पिछले 10 दिनों से आदेश होल्ड पर क्यों थे?
- आमतौर पर ऐसे सरकारी आदेश वर्किंग डे पर जारी किए जाते हैं, लेकिन इन आदेशों को रविवार 3 मई को जारी किया गया। अब सवाल उठ रहे हैं कि इतने दिन इन आदेशों को होल्ड किया रखा गया था और रविवार को छुट्टी के दिन अचानक क्यों जारी किया गया।

