Punjab Kesari MP ads

BJP की राष्ट्रीय टीम में राज्य के 4-5 नेताओं को मिल सकती है बड़ी जिम्मेदारी! एक वरिष्ठ मंत्री का नाम भी चर्चा में, जल्द हो सकती है घोषणा

Saturday, May 30, 2026-01:25 PM (IST)

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय संगठन में बड़े बदलाव और विस्तार की तैयारियों के बीच छत्तीसगढ़ का राजनीतिक महत्व एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गया है। प्रदेश अध्यक्षों की नियुक्ति की प्रक्रिया लगभग पूरी होने के बाद अब पार्टी की नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी और संगठनात्मक टीम के गठन को लेकर सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है। माना जा रहा है कि केंद्रीय नेतृत्व जल्द ही संगठन के नए स्वरूप की घोषणा कर सकता है।

सूत्रों के अनुसार, इस बार राष्ट्रीय कार्यकारिणी के विस्तार में छत्तीसगढ़ को विशेष प्रतिनिधित्व मिल सकता है। प्रदेश से चार से पांच नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिलने की संभावना जताई जा रही है। संगठन और सरकार से जुड़े कई अनुभवी चेहरों के नाम चर्चा में हैं, हालांकि पार्टी की ओर से अभी तक किसी भी नाम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि विधानसभा और लोकसभा चुनावों में भाजपा के प्रदर्शन ने छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय राजनीति में नई पहचान दिलाई है। प्रदेश में सरकार बनने के बाद यहां के संगठनात्मक मॉडल और नेतृत्व क्षमता को केंद्रीय नेतृत्व गंभीरता से देख रहा है। यही वजह है कि राष्ट्रीय संगठन में छत्तीसगढ़ की हिस्सेदारी बढ़ने की उम्मीद की जा रही है।

दिलचस्प बात यह है कि संभावित नामों में प्रदेश सरकार के एक वरिष्ठ मंत्री का नाम भी चर्चा में बना हुआ है। यदि ऐसा होता है तो यह न केवल राज्य के लिए राजनीतिक महत्व का संकेत होगा, बल्कि केंद्रीय नेतृत्व के भरोसे का भी स्पष्ट संदेश माना जाएगा।

भाजपा आगामी चुनावी राज्यों और वर्ष 2029 के राजनीतिक लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए संगठन को नए सिरे से मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है। ऐसे में सामाजिक, क्षेत्रीय और राजनीतिक संतुलन साधते हुए नई टीम का गठन किया जा सकता है। यही कारण है कि प्रदेश भाजपा के नेताओं, कार्यकर्ताओं और राजनीतिक पर्यवेक्षकों की निगाहें फिलहाल दिल्ली पर टिकी हुई हैं।

अब सबकी नजर उस घोषणा पर है, जो यह तय करेगी कि भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व संगठनात्मक दृष्टि से छत्तीसगढ़ को कितनी प्राथमिकता देता है और प्रदेश के कौन-कौन से चेहरे राष्ट्रीय राजनीति में नई भूमिका निभाते दिखाई देंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Himansh sharma

Related News