30 सितंबर को कैबिनेट की अहम बैठक बुलाई, इन महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर लग सकती है मुहर
Saturday, Sep 26, 2026-05:40 PM (IST)
रायपुरः छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में 30 सितंबर को राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक होगी। बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा के साथ नीतिगत निर्णय लिए जाने की संभावना है। इनमें प्रदेश में बस किराया बढ़ाने से संबंधित प्रस्ताव भी शामिल हो सकता है।
सूत्रों के मुताबिक, परिवहन विभाग ने बस किराए में संशोधन से संबंधित प्रस्ताव तैयार किया है, जिसे मंत्रिपरिषद की बैठक में विचार के लिए रखा जा सकता है। प्रस्ताव में बसों की अलग-अलग श्रेणियों और यात्रा की दूरी के आधार पर किराए में बदलाव का प्रावधान होने की संभावना है। हालांकि अंतिम निर्णय मंत्रिपरिषद में प्रस्ताव की समीक्षा और चर्चा के बाद ही लिया जाएगा। प्रदेश के बस संचालक संगठन लंबे समय से किराया बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। संचालकों का कहना है कि डीजल के दाम बढ़ने के साथ बसों के संचालन का खर्च बढ़ गया है।
इसके अलावा मेंटेनेंस, स्पेयर पाट्र्स और अन्य परिचालन खर्च में भी बढ़ोतरी हुई है। इसी आधार पर बस संचालक मौजूदा किराया दरों में संशोधन की मांग उठा रहे हैं। परिवहन विभाग की ओर से तैयार प्रस्ताव पर 30 सितंबर की कैबिनेट बैठक में चर्चा होने की स्थिति में किराया वृद्धि के विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की जाएगी। मंत्रिपरिषद की सहमति के बाद ही इस संबंध में अंतिम निर्णय लिया जाएगा। बैठक के दौरान प्रस्ताव के मौजूदा स्वरूप में संशोधन भी किया जा सकता है।

