Punjab Kesari MP ads

शादी समारोह से लौट रहे बाप-बेटे को कार ने कुचला, हुई दर्दनाक मौत; नशे में था चालक

Wednesday, Apr 22, 2026-03:03 PM (IST)

जबलपुर (मध्यप्रदेश): मध्यप्रदेश के जबलपुर में मंगलवार रात शराब के नशे में चूर एक व्यक्ति ने सड़क के किनारे खड़े तीन लोगों को अपनी कार से कुचल दिया, जिनमें से दो की मौत हो गई। जबकि एक नाबालिग गंभीर रूप से घायल हो गया।‌ पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शहर के गढ़ा थानांतर्गत धनवंतरी नगर चौक के समीप देर रात हुई इस घटना के आरोपी वाहन चालक को हिरासत में लेकर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। 

नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) आशीष जैन ने बताया कि महाराजपुर निवासी गोपाल प्रसाद कुम्हार (38) अपने बेटे शुभम (15) के साथ एक विवाह समारोह में शिरकत करने धनवंतरी नगर आए हुए थे। जैन ने बताया कि समारोह के बाद वापस लौटते समय उन्होंने पानी खरीदने के लिए धनवंतरी नगर चौक स्थित एक दुकान के सामने अपनी मोटरसाइकिल रोकी थी। उन्होंने कहा कि मोटरसाइकिल के सामने ही पंकज साहू (30) नाम का व्यक्ति भी खड़ा था, तभी शराब के नशे में धुत चालक ने तेज रफ्तार से एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए दोनों पिता-पुत्र और साहू को रौंद दिया। 

जैन ने बताया कि पुलिस ने सूचना मिलने पर तत्काल तीनों व्यक्तियों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद पंकज और गोपाल को मृत घोषित कर दिया। उन्होंने कहा कि शुभम को गंभीर चोट आने के कारण उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और उसका उपचार जारी है। अधिकारी ने बताया कि चिकित्सकीय जांच में रांझी निवासी आरोपी युवक को शराब के नशे में पाया गया और उसे हिरासत में ले लिया गया है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News