Punjab Kesari MP ads

मकान में चल रहा था हाईप्रोफाइल जुआ... पुलिस ने अचानक मारा छापा, 5 नामी व्यापारी गिरफ्तार; मचा हड़कंप

Thursday, Nov 12, 2026-10:05 AM (IST)

छतरपुर (राजेश चौरसिया): शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में पुलिस ने देर रात जुए के एक हाईप्रोफाइल फड़ पर कार्रवाई की। गंगा सागर स्कूल के पास एक मकान में चल रहे जुए पर दबिश देकर पुलिस ने आधा दर्जन लोगों को पकड़ा, जबकि 10 से ज्यादा लोग मौके से भागने में सफल रहे। पकड़े गए लोगों में शहर के नामी व्यापारी और सराफा कारोबार से जुड़े लोग भी शामिल बताए जा रहे हैं।

कोतवाली टीआई सतीश सिंह, एसआई उपा सिंह परिहार और पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, जुआ अखिलेश सोनी के मकान में संचालित किया जा रहा था। मौके से पुलिस ने ताश की गड्डी और जुए की रकम सहित कुल 1 लाख 20 हजार 200 रुपए जब्त किए। पुलिस ने मौके से दिनेश अग्रवाल पिता सोहनलाल अग्रवाल, वीरेंद्र सोनी पिता किशोरीलाल सोनी, धर्मेंद्र सोनी पिता श्यामबिहारी सोनी, अखिलेश सोनी पिता चतुर्भुज सोनी, नीरज गुलेरी गुप्ता पिता बाबूलाल गुप्ता और एक भूरे सोनी को पकड़ा गया है।

टीआई सतीश सिंह के मुताबिक, सभी के खिलाफ जुआ एक्ट की धारा 3/4 के तहत मामला दर्ज किया गया है। कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को थाने से ही जमानत दे दी गई। यानी पुलिस हिरासत में लिए गए सभी लोगों को देर रात ही छोड़ दिया गया।

अखिलेश की भूमिका पर उठ रहे सवाल

स्थानीय लोगों के बीच चर्चा है कि अखिलेश सोनी लंबे समय से अपने मकान पर जुए का फड़ संचालित कर रहा था। आरोप हैं कि वह व्यापारियों और अन्य लोगों को पार्टी व मिलने-जुलने के बहाने बुलाता था, ताकि जुए की गतिविधियों की भनक बाहर न लगे। यह भी आरोप लगाए जा रहे हैं कि अलग-अलग स्थानों पर शराब और कबाब की पार्टी के साथ जुआ खिलाया जाता था।

वहीं, नीरज गुलेरी गुप्ता और भूरे सोनी की भूमिका को लेकर भी चर्चाएं हैं। हालांकि, जुआ-सट्टा और हवाला जैसे अवैध कारोबार में कथित संलिप्तता के आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस की ओर से फिलहाल जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की जानकारी दी गई है। मामले में इन आरोपों की जांच और अन्य लोगों की भूमिका स्पष्ट होना बाकी है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Vandana Khosla

Related News