हरियाणा के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को MP के युवक ने माना गुरु, खेत में लगाई प्रतिमा
Monday, May 26, 2025-05:45 PM (IST)

राजगढ़ (धर्मराज सिंह) : मध्यप्रदेश के राजगढ़ से एक अनोखा मामला सामने आया है, जिसने गुरु-शिष्य के रिश्ते को एक नई परिभाषा दी है। राजगढ़ जिले के बागोरी गांव में एक युवा किसान पुत्र अंकित दांगी उर्फ 'बागोरी' ने अपने खेत में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर की प्रतिमा स्थापित की है। ये वही जगह है जहां वो खुद सोशल मीडिया के लिए वीडियो बनाते हैं।
अंकित दांगी ने बताया कि "मैं 2018 से निशु भाई के वीडियो देख रहा था, वो मेरे लिए सिर्फ एक इन्फ्लुएंसर नहीं, एक प्रेरणा, एक गुरु थे। जब उनकी मौत हुई, तो ऐसा लगा जैसे मैंने अपना गुरु खो दिया। हरियाणा के पानीपत जिले के कुराड़ गांव के रहने वाले निशु देशवाल एक प्रसिद्ध सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर थे। ट्रैक्टर से स्टंट करते हुए वे लाखों दिलों की धड़कन बन गए थे, लेकिन 25 फरवरी 2024 को स्टंट करते हुए एक हादसे में उनकी जान चली गई।
उनकी याद में हरियाणा में उनके छोटे भाई ने एक प्रतिमा लगवाई और अब मध्यप्रदेश के बागोरी गांव में अंकित ने भी एक प्रतिमा स्थापित कर अपने गुरु को अनोखी श्रद्धांजलि दी है।
ये शायद पहला मौका है जब किसी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर की प्रतिमा किसी खेत में लगाई गई हो और वो भी उस स्थान पर, जहां एक शिष्य अपने गुरु की राह पर चलने की कोशिश कर रहा है। गुरु सिर्फ किताबों के नहीं, जीवन के हर मोड़ पर मिलते हैं... और अगर शिष्य सच्चा हो, तो वो हर युग में इतिहास रच सकता है।