CM के बाद अब अजय सिंह ने भी अध्यक्ष पद की अटकलों को बताया अफवाह
1/14/2019 4:38:43 PM
भोपाल: प्रदेश में अध्यक्ष पद को लेकर सीएम कमलनाथ ने पहले ही विराम लगा दिया है। वहीं अब अजय सिंह ने भी इन अटकलों को साजिश करार दिया है। उन्होंने कहा कि 'इस तरह की फर्जी खबर का प्रचार कैसे हुआ और किसने किया इसकी जांच होनी चाहिए। मैं इस पूरी अफवाह में कहीं था ही नहीं। न मुझे इसके बारे में मालूम है। दिल्ली में किसी दूसरे काम के लिए गया था न कि पद के लिए।'
अजय सिंह ने कहा कि 'प्रदेश अध्यक्ष के पद की चर्चा मीडिया में आई मैं इसमें कही दूर-दूर से नहीं था। प्रदेश का नेतृत्व करने के लिए राहुल गांधी तय करते हैं। जब तक कोई परिवर्तन नहीं होता तब तक कमलनाथ के हाथ में ही कमान है। मैं दिल्ली किसी और काम के लिए गया था।'
बता दें कि पिछले कुछ दिनों से पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह को प्रदेशाध्यक्ष बनाए जाने की अटकलें चल रही थीं। वहीं सोशल मीडिया पर भी बधाईयों का तांता लगा था। लेकिन मुख्यमंत्री कमलनाथ के बाद अब स्वयं अजय सिंह ने ही इस बात को महज एक अफवाह करार दिया है।