कांग्रेस नेता के घर घुसकर ताबड़तोड़ हमला, आंख में गंभीर चोट; 15-20 हमलावरों पर आरोप, BJP नेता का आया बयान
Sunday, Aug 30, 2026-03:32 PM (IST)
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में शनिवार देर रात उस वक्त सनसनी फैल गई, जब कांग्रेस नेता गुरुप्रीत सिंह सिद्धू के घर कथित तौर पर 15 से 20 लोगों ने धावा बोल दिया। आरोप है कि हथियारों से लैस हमलावरों ने घर में घुसकर कांग्रेस नेता के साथ जमकर मारपीट की। हमले में सिद्धू को गंभीर चोटें आई हैं, खासकर उनकी आंख में चोट लगने की बात सामने आई है। घटना के बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। यह पूरा मामला मणिपुर थाना क्षेत्र के दर्रीपारा इलाके का बताया जा रहा है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और राजनीतिक चर्चाओं का माहौल बन गया है।
घर में घुसे हमलावर, गाली-गलौज के बाद शुरू हुई मारपीट
कांग्रेस नेता के मुताबिक, शनिवार रात अचानक बड़ी संख्या में लोग उनके घर पहुंचे। आरोप है कि पहले गाली-गलौज की गई और इसके बाद उनके साथ मारपीट शुरू कर दी गई। सिद्धू का दावा है कि हमलावर घर के अंदर तक घुस आए और वहां भी उनके साथ हमला किया गया। घायल कांग्रेस नेता को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। पुलिस अब घटना की परिस्थितियों, हमलावरों की संख्या और वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियारों को लेकर जांच कर रही है।
राजनीतिक रंजिश से जुड़ा है मामला? कांग्रेस नेता ने भाजपा नेता पर लगाए आरोप
गुरुप्रीत सिंह सिद्धू ने इस हमले के पीछे भाजपा नेता प्रकाश साहू का हाथ होने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि लंबे समय से चली आ रही राजनीतिक रंजिश के चलते उन्हें निशाना बनाया गया।सिद्धू के अनुसार, सोशल मीडिया पर भाजपा नेता से जुड़े पोस्ट को लेकर उनके ऊपर शक किया जा रहा था। उनका आरोप है कि इसी विवाद के बाद भाजपा नेता के समर्थक उनके घर पहुंचे और हमला कर दिया। कांग्रेस नेता ने यह भी दावा किया कि उन्होंने पहले ही आईजी को आवेदन देकर अपनी जान को खतरा होने की आशंका जताई थी। उनका आरोप है कि पूर्व में भी उनके खिलाफ फर्जी एफआईआर दर्ज कराई गई थी, लेकिन शिकायतों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
प्रकाश साहू ने आरोपों को बताया निराधार
वहीं भाजपा नेता प्रकाश साहू ने कांग्रेस नेता द्वारा लगाए गए आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है। साहू का कहना है कि घटना के समय वह अपने घर पर मौजूद थे और हमले में उनकी कोई भूमिका नहीं है। उन्होंने आरोपों को खुद को राजनीतिक रूप से फंसाने की कोशिश बताया। साहू के मुताबिक, सिद्धू के साथ उनकी पुरानी राजनीतिक रंजिश है और इसी वजह से उनके खिलाफ इस तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं।
भाजपा नेता ने दावा किया कि उन्होंने भी पहले आईजी को आवेदन देकर आशंका जताई थी कि उन्हें किसी झूठे मामले में फंसाया जा सकता है। उनका आरोप है कि वार्ड चुनाव में भाजपा की जीत के बाद राजनीतिक विरोध के चलते उनके खिलाफ माहौल बनाया जा रहा है।
पुलिस जांच के बाद साफ होगी हमले की असली तस्वीर
फिलहाल इस मामले में कांग्रेस नेता और भाजपा नेता की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ अलग-अलग दावे सामने आए हैं। पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि हमले के पीछे वास्तविक वजह क्या थी और वारदात में कौन-कौन लोग शामिल थे। घर में घुसकर हुए इस कथित हमले ने अंबिकापुर की कानून-व्यवस्था के साथ-साथ राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

