तहसीलदार की फटकार के बाद भी लोकसेवा केंद्र कर्मचारी की मनमानी, निर्धारित शुल्क से कर रहे अधिक वसूली
Wednesday, May 15, 2024-04:06 PM (IST)

आरोन (गौरव शर्मा): आरोन के सरकारी दफ्तरों में कर्मचारियों की मनमानियां दिन प्रति दिन बढ़ती ही जा रही हैं। तहसीलदार की फटकार के बाद भी लोकसेवा केंद्र के कर्मचारी शासन के आदेशों को ताक पर रखकर अवैध वसूली कर रहे हैं। आलम यह है कि सरकार के निर्धारित शुल्क से अधिक वसूली करके आम जनता को परेशान किया जा रहा है। ताजा मामले में एक पीड़ित दिलवर खान ने कर्मचारियों के खिलाफ एसडीएम आरोन को लिखित शिकायत आवेदन दिया है।
पीड़ित का आरोप है कि वह 13-05-2024 को अपना आय प्रमाण पत्र बनवाने लोक सेवा केन्द्र आरोन गया था। वहां पर उससे आय प्रभाण पत्र बनवाने के लिए 30 रुपये की मांग की गई जिस पर प्रार्थी ने बताया कि आय प्रमाण पत्र का 20 रु शुल्क है तथा 5 रुपए आवेदन रसीद के है। आप ज्यादा राशि मांग रहे हैं।
इस पर लोक सेवा केन्द्र के कर्मचारी अभिषेक साहू ने उनके साथ बतमीजी की इस घटना के बाद पीड़ित ने तत्काल तहसीलदार साहब को मोबाइल पर अवगत कराया। इस पर तहसीलदार साहब ने कर्मचारी को तहसील बुलाकर कड़ी फटकार लगाई। प्रार्थी दिलवर खान ने एसडीएम के नाम आवेदन दिया है और लोक सेवा केंद्र के उक्त कर्मचारी पर कड़ी से कड़ी कार्यवाही की मांग की है।