BJP के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी के बाद आशीष ऊषा अग्रवाल का पहला ग्वालियर दौरा, स्वागत के बजाय सेवा अभियान की अपील
Saturday, Sep 26, 2026-01:08 PM (IST)
ग्वालियर। भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी मिलने के बाद पहली बार ग्वालियर पहुंचने जा रहे आशीष ऊषा अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं, शुभचिंतकों और समर्थकों से खास अपील की है। उन्होंने अपने स्वागत में भीड़ जुटाने, होर्डिंग-बैनर लगाने और किसी तरह का औपचारिक स्वागत करने से कार्यकर्ताओं से परहेज करने को कहा है।
आशीष ऊषा अग्रवाल ने अपील करते हुए कहा कि उनके ग्वालियर आगमन पर स्वागत के लिए सड़क पर भीड़ या किसी विशेष आयोजन की व्यवस्था न की जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से न होर्डिंग लगाने, न बैनर लगाने और न ही औपचारिक स्वागत करने का आग्रह किया है।
उन्होंने कहा कि उनके स्वागत में समय और संसाधन लगाने के बजाय कार्यकर्ता सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सेवा गतिविधियों में भाग लें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाजसेवा से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी की अपील की है।
27 सितंबर को निज कार्यालय में करेंगे मुलाकात
आशीष ऊषा अग्रवाल 27 सितंबर को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अपने निज कार्यालय में कार्यकर्ताओं, शुभचिंतकों और आत्मीयजनों से मुलाकात के लिए उपस्थित रहेंगे। इस दौरान उनसे मिलने आने वाले लोगों से निर्धारित समय और व्यवस्था का पालन करने की अपील की गई है।
भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी मिलने के बाद आशीष ऊषा अग्रवाल का यह पहला ग्वालियर आगमन है। ऐसे में कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उनसे मुलाकात को लेकर उत्साह है। हालांकि, आशीष ऊषा अग्रवाल ने स्पष्ट किया है कि उनके स्वागत में भीड़ जुटाने या औपचारिक आयोजन करने के बजाय सेवा कार्यों को प्राथमिकता दी जाए।

