दतिया हार के बाद आखिर आशुतोष तिवारी ने क्या कह दिया? अचानक आए बड़े बयान से मच गई सियासी हलचल
Thursday, Aug 06, 2026-01:48 PM (IST)
भोपाल/दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव में मिली हार के बाद भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने पहली बार खुलकर अपनी प्रतिक्रिया दी। भाजपा कार्यालय पहुंचकर मीडिया से बातचीत में उन्होंने चुनावी नतीजों पर अपनी बात रखते हुए कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि पूरे चुनाव के दौरान विपक्ष ने षड्यंत्र की राजनीति की।
आशुतोष तिवारी ने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव के दौरान लगातार ऐसे कदम उठाए, जिनसे लोकतांत्रिक प्रक्रिया प्रभावित करने की कोशिश की गई। हालांकि उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि मतदाता जागरूकता अभियान में भाजपा की ओर से कुछ कमियां रह गई होंगी, जिनका गंभीरता से मूल्यांकन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि चुनाव परिणाम आने के बाद पार्टी ने वरिष्ठ नेताओं की एक समिति गठित की है, जो उपचुनाव के पूरे घटनाक्रम और परिणामों की विस्तृत समीक्षा करेगी। समिति सभी पहलुओं का अध्ययन कर अपनी रिपोर्ट नेतृत्व को सौंपेगी।
मीडिया में भितरघात और अन्य चर्चाओं को लेकर पूछे गए सवाल पर आशुतोष तिवारी ने कहा कि मीडिया बेवजह का नैरेटिव खड़ा न करे। यदि किसी के पास कोई रिकॉर्डिंग या ठोस सबूत है तो उसे सामने लाना चाहिए। बिना प्रमाण के किसी भी प्रकार की चर्चा उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि मीडिया को निष्पक्ष और तथ्यपरक रिपोर्टिंग करनी चाहिए, ताकि जनता तक सही जानकारी पहुंचे। साथ ही उन्होंने दोहराया कि वे दतिया के एक समर्पित और कर्मठ कार्यकर्ता हैं तथा जनता और संगठन के प्रति अपने संकल्प को आगे भी पूरी निष्ठा से निभाते रहेंगे।
भाजपा प्रत्याशी के इस बयान के बाद दतिया उपचुनाव की हार को लेकर पार्टी के भीतर चल रही समीक्षा और राजनीतिक चर्चाओं को नया आयाम मिल गया है। अब सभी की नजर पार्टी की जांच समिति की रिपोर्ट और उसके बाद होने वाले संगठनात्मक फैसलों पर टिकी हुई है।

