Punjab Kesari MP ads

खंडवा: मंदिरों के बाहर लगे अशोभनीय वस्त्र न पहनने के बैनर, संगठन बोला- हिंदू संस्कृति की रक्षा करने के लिए लगाए

Friday, Jun 30, 2023-07:23 PM (IST)

खंडवा(निशात सिद्दीकी): देशभर में मंदिरों में दर्शन करने को लेकर ड्रेसकोड लागू किये जाने के बैनर पोस्टर लगने लगे हैं। मध्यप्रदेश के खण्डवा में भी मंदिरों के बाहर हिंदू जागरण मंच ने फ्लेक्स बैनर लगाए हैं जिन पर लिखा है कि, "विनम्र निवेदन महिलाएं एवं पुरुष मंदिर परिसर में अशोभनीय कपड़े जैसे जीन्स टी-शर्ट, हाफ पेंट, नाइट सूट, लोअर, बरमूडा, शार्टस् पहनकर मंदिर में प्रवेश ना करे"। बता दें कि इस तरह के बैनर पहले भी कई बड़े शहरों और मंदिरों में लगाए जा चुके हैं। हिन्दू जागरण मंच इसे लेकर जन जागरण अभियान चला रहा है। मंच का कहना है कि अभी हम लोगों को जाग्रत कर रहे हैं ताकी हिन्दुओं की संस्कृति की रक्षा की जा सके। 

PunjabKesari

खंडवा में हिंदू जागरण मंच ने शहर के प्रमुख मंदिरों के बाहर पोस्टर, बैनर लगाए हैं, जिस पर लिखा हुआ है कि विनम्र निवेदन है कि महिलाएं एवं पुरुष मंदिर परिसर में अंग प्रदर्शक, असभ्य व अशोभनीय कपड़े जैसे जीन्स टी-शर्ट, हाफ पेन्ट, नाइट सूट, लोअर, बरमूडा, शार्टस् आदि पहनकर मंदिर में प्रवेश ना करे। भारतीय संस्कृति के अनुरूप वेशभूषा में ही मंदिर में प्रवेश करें। बता दें कि ये बैनर पोस्टर ऐसे समय में लगे हैं जब गुरु पूर्णिमा पर मंदिरों में दर्शन करने अधिक संख्या में भक्त पहुंचते हैं। वहीँ खंडवा के प्रसिद्ध संत दादाजी धूनीवाले की समाधि स्थल पर बाहर से आने वाले श्रद्धालु भी बड़ी मात्रा में आते हैं। बड़े शहरों से आने वाले श्रद्धालु अक्सर इस तरह के वस्त्र पहनते हैं जिसमें शरीर के अंग आसानी से नजर आते हैं। माना जा रहा है कि ऐसे में हिंदू संस्कृति की रक्षा और जागरण के लिए यह पोस्टर बैनर लगाए गए हैं।

PunjabKesari

मंदिरों में पोस्टर लगाने वाले हिंदू जागरण मंच के डॉ, अनीष अरझरे ने बताया कि भारतीय संस्कृति की रक्षा के लिए यह कदम उठाया है। हमारे देश की बहनें पाश्चात्य वेशभूषा धारण करने लगी है। मठ, मंदिरों में भी वही वस्त्र पहनकर जाने लगी है। जिससे मंदिर की मर्यादा का उल्लंघन होता है। हमारा निवेदन है कि भारतीय परिवेश को अपनाते हुए उन्ही वस्त्रों में मंदिर में प्रवेश करें। जिससे हमारी संस्कृति की रक्षा हो सके। इसी जनजागृति को लेकर हिंदू जागरण मंच के द्वारा यह अभियान चलाया जा रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

meena

Related News