BJYM अध्यक्ष के स्वागत में लगे बैनरों ने वरिष्ठ नेताओं की तस्वीरें भी छिपाईं, दावेदारी की अटकलें तेज
Tuesday, Apr 21, 2026-07:05 PM (IST)
छतरपुर (राजेश चौरसिया) : भाजपा युवामोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर के छतरपुर आगमन से पहले शहर में पोस्टर-बैनर की राजनीति चरम पर नजर आ रही है। मुख्य सड़कों से लेकर गली-मोहल्लों तक हर जगह बड़े-बड़े होर्डिंग्स लगाए गए हैं। हालात ऐसे हैं कि इस बार पोस्टरबाजी ने पार्टी के शिखर नेताओं को भी पीछे छोड़ दिया है।

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि भाजपा जिला कार्यालय तक को बैनरों से इस तरह ढंक दिया गया कि कार्यालय का नाम तक स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहा। वहीं पार्टी के प्रमुख विचारकों और नेताओं जैसे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, दीनदयाल उपाध्याय, कुशाभाऊ ठाकरे, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की तस्वीरें और नाम भी कई जगह बैनरों के पीछे छिप गए।

दावेदारी का ‘पोस्टर वॉर’?
स्थानीय लोगों का मानना है कि यह सिर्फ स्वागत नहीं, बल्कि शक्ति प्रदर्शन भी है। दरअसल, छतरपुर में युवामोर्चा जिला अध्यक्ष की नियुक्ति होना है। ऐसे में कई दावेदार अपने-अपने समर्थकों के साथ बड़े स्तर पर होर्डिंग्स लगाकर अपनी मौजूदगी दिखाने में जुटे हैं। माना जा रहा है कि ज्यादा पोस्टर लगाने वाले अपनी दावेदारी मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं।

जिलाध्यक्ष बोले- यह कार्यकर्ताओं का उत्साह
इस पूरे मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रभान सिंह गौतम का कहना है कि इसे गलत तरीके से नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा, “कार्यालय के नाम या महापुरुषों के पोस्टर ढंके नहीं हैं, यह कार्यकर्ताओं का उत्साह है। प्रदेश अध्यक्ष के स्वागत में कार्यकर्ता पूरे जोश के साथ पोस्टर-बैनर लगा रहे हैं।”
उन्होंने युवामोर्चा जिला अध्यक्ष की दावेदारी से भी इनकार करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम पूरी तरह सम्मान और स्वागत के उद्देश्य से किया जा रहा है। हालांकि, शहर में चर्चा यही है कि पोस्टरबाजी के इस ‘पावर शो’ के पीछे राजनीतिक संदेश छिपा हुआ है।

