Congress को बड़ा झटका: प्रदेश कांग्रेस PCC सचिव ने दिया इस्तीफा, संगठन पर लगाए बड़े आरोप
Friday, Feb 06, 2026-06:21 PM (IST)
रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में एक बार फिर अंदरूनी कलह खुलकर सामने आई है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) की सचिव निवेदिता चटर्जी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने यह इस्तीफा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज को पत्र लिखकर सौंपा है।
इस्तीफे में निवेदिता चटर्जी ने संगठन में लंबे समय से उपेक्षा और जिम्मेदारी न मिलने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने लिखा है कि वे पिछले 11 वर्षों से पार्टी के लिए लगातार कार्य कर रही हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें कोई ठोस जिम्मेदारी या आगे बढ़ने का अवसर नहीं दिया गया।
निवेदिता चटर्जी ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि वे वर्ष 2014 से लगातार PCC सचिव के पद पर बनी हुई हैं, जबकि उनके सामने कई नेता ब्लॉक अध्यक्ष, विधायक और सांसद जैसे पदों तक पहुंचे। उन्होंने यह भी लिखा कि उन्हीं के सामने दीपक बैज ब्लॉक अध्यक्ष बने, विधायक बने, सांसद बने और अंततः प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष के पद तक पहुंचे, लेकिन वे स्वयं वर्षों से एक ही पद पर बनी रहीं।
उन्होंने पत्र में यह भी कहा कि संगठन में निष्ठा और मेहनत के बावजूद यदि कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान और जिम्मेदारी नहीं मिलती, तो यह निराशाजनक है।
निवेदिता चटर्जी के इस्तीफे से प्रदेश कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति और संगठनात्मक असंतोष एक बार फिर चर्चा में आ गया है।

